
सरायकेला : सरायकेला जिला के खरसावां थाना अंतर्गत बंद पड़े अभिजीत स्टील में लगातार चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस की सक्रियता से शुक्रवार को खरसावां पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का खुलासा करते हुए 5 अपराध कर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इससे पूर्व बीते 31 जुलाई को भी पुलिस ने कंपनी परिसर में चोरी कर रहे तीन अपराध कर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था. गुरुवार को चोरी के क्रम में कंपनी परिसर में फायरिंग की घटना प्रकाश में आई थी. जिसके बाद पुलिस ने उदय हेंब्रम, जीवन होनहागा, अनवर हुसैन, तारक हरिजन और शारिक अंसारी को गिरफ्तार कर उनके पास से पांच अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल सेट बरामद किए हैं. बताया जाता है कि तारक हरिजन और शारिक अंसारी दोनों पश्चिम बंगाल और रामगढ़ के रहने वाले हैं, जबकि अनवर हुसैन जमशेदपुर का रहने वाला है. सभी कदमडिहा में एक मकान किराए पर रह रहे थे. विदित हो कि वर्षों से बंद पड़े अभिजीत स्टील प्लांट में आये दिन चोरी की घटनाएं हो रही हैं. वहीं पुलिस की सक्रियता के कारण चोर सलाखों के पीछे भेजे जा रहे हैं.







