
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के चौका थाना की पुलिस ने बीते 04 मार्च 2021 को दो अवैध लौह अयस्क लदा हुआ ट्रक को जब्त करते हुए दो ट्रक मालिको को जेल भेज दिया था. इस मामले में पुलिस ने पहले ट्रक मालिक संजीव कुमार यादव और बिरनी यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इधर चौका थाना की पुलिस ने इसी मामले में शनिवार को अवैध कारोबार में संलिप्त अभियुक्त एडसन वाकर, चरणजीत सिंह उर्फ पाजी और दोनों गाड़ी के चालक मोकिम अंसारी और पिंटू यादव को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. आपको बता दे कि बीते 26 फरवरी 2021 की रात्री को सरायकेला-खरसावां जिला के एसपी मोहम्मद अर्शी को गुप्त सूचना मिली थी कि चौका-काण्ड्रा मुख्य सड़क में खुचीडीह पेट्रोल पम्प के पास दो अवैध लौह-अयस्क लदा हुआ है. जिसे पास के किसी फैक्टरी में खपाने की तैयारी की जा रही है. इसी सूचना के आलोक में चांडिल एसडीपीओ के निर्देशानुसार चौका थाना प्रभारी ने पुलिस बलों के सहयोग से छापेमारी की गयी थी. दोनों ट्रकों को पकड़ने के बाद तलाशी ली गयी. इधर पुलिस की आहट से दोनों ट्रकों के ड्राइवर मौके से ही फरार हो गये थे. इधर पुलिस के जांच में दोनों ट्रकों में चालान पाया गया जो पुलिस को संदेहात्मक लगा. संदेह होने के कारण दोनों ट्रकों को स्थानीय लोगों के मदद से थाना लाया गया तथा जांच प्रारंभ किया गया. उक्त चालान को जांच हेतु जिला खनन पदाधिकारी सरायकेला को भेजा गया. जांचोपरान्त जिला खनन पदाधिकारी के जांच में दोनों ट्रकों का चालान जाली (फर्जी) पाया गया. इसके बाद चौका थाना में 3 मार्च 2021 को कांड दर्ज किया गया था. वही इस कांड में दोनों ट्रक मालिक को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने के बाद अन्य अभियुक्तों के गिरफ्तारी के लिये अनुसंधान और छापामारी जारी थी.

















