
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड सभागार में शुक्रवार को विधिक जागरूकता सह सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला राम कृष्ण कुमार, डालसा सचिव कुलदीप मान, प्रखंड विकास पदाधिकारी सरायकेला मृत्युंजय कुमार ने ग्रामीणों को कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी. कुलदीप मान ने बताया कि प्रशासन और न्यायिक प्रशासन दोनों समाज के सभी अंगों के हर एक व्यक्ति और आखिरी व्यक्ति तक पहुंचने का संकल्प लेकर सारे कार्यो का निर्वहन करेगा. दोनों लोगों के बीच जाकर लोगों की समस्याओं को सुनने, लोगों की बातों को समझने और उन्हें जो जरूरत है उसे सरकार के कल्याणकारी योजना से जोड़कर लाभ पहुंचा रही है. इसके लिए उन्होंने आमजन को पहले जागरूक होने की बात कही. उन्होंने बताया कि जागरूकता एक ऐसी चीज है, जिससे मनुष्य का शारीरिक और मानसिक सशक्तिकरण होता है. अगर आपको यह जानकारी होगी, कि कानून में क्या-क्या प्रावधान है, हमारे कानूनी अधिकार क्या-क्या हैं, इसकी जानकारी आपको हो तो स्वयं आप आगे आकर अपने न्याय के प्रति अपनी बातों को रख सकते हैं. न्यायालय में आपको सहयोग मिलेगा. विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य समाज के हर एक वर्ग के लिए, उनको सहयोग करने के लिए, सही जानकारी देने के लिए सही बातें बताने के लिए और किस तरह आपस में बात करके मामले को समाप्त करने और मामलों का सुलह करने के लिए है. (नीचे भी पढ़ें)
अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला राम कृष्ण कुमार ने कहा कि महिला के विरूद्ध मानसिक, शरीरिक प्रताड़ना का होना, एक बुजुर्ग महिला को डायन बताकर उनको प्रताड़ित करना, मानव तस्करी को बढ़ावा देना, जागरूकता और ज्ञान की कमी के कारण समाज में हो रहा है. इसे दूर कर महिलाएं और बहनों को एक गरिमामय और एक अच्छी जिंदगी देना है. इससे वे अपने बच्चों को अच्छा बना सकती हैं. नशामुक्ति के बारे में उन्होंने कहा, कि शराब घर समाज को तबाही के मंजर की ओर ले जाता है. नशा मुक्त समाज बनाने में सखी मंडल की बहनें नशा मुक्ति अभियान के संकल्प से गांव, प्रखंड को नशामुक्त बनाए. सभी लोग अपने अधिकार के लिए आगे आए. समाज में सुधार आपके खुद के सुधार से ही शुरू हो सकता है. उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा के मामले में, पति-पत्नी के मामले में और अन्य मामलों में हमलोगों ने मध्यस्तता की एक राह चुनी है. किसी व्यक्ति के पास कोर्ट, कचहरी, केस लड़ने की शक्ति नहीं है, तो मुफ्त न्यायिक सुविधा उपलब्ध है. हर तरह का सहयोग न्यायलय में मिलेगा. जानकारी ही सबसे बड़ी शक्ति है. निम्न योजना के तहत लाभुकों को लाभान्वित किया गया। 11 लाभुकों को चिकित्सा अनुदान, पांच लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास अंतर्गत गृह प्रवेश हेतु ताला चाबी, सुकन्या योजना के तहत 6, दीदी बाड़ी योजना के तहत बीज वितरण पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र, अन्नप्राशन, गोद भराई की रस्म की गई.



