सरायकेला: सरायकेला- खरसावां जिले में नक्सलियों के मंसूबों को एक बार फिर करारा जवाब मिला है. पुलिस अधीक्षक को 2 अगस्त 2025 को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा (माओवादी) उग्रवादियों ने कुचाई थाना के दलभंगा ओपी क्षेत्र में पहाड़ी इलाके के पास भारी मात्रा में विस्फोटक छिपाकर रखा है. इसका उद्देश्य सुरक्षा बलों के अभियान को निशाना बनाना था. इस इनपुट के आधार पर सरायकेला-खरसावां पुलिस ने चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी के साथ संयुक्त अभियान चलाया. (नीचे भी पढ़े)

2 अगस्त को दलभंगा ओपी के सिकरम्बा गांव के पास सघन सर्च ऑपरेशन किया गया. सर्च अभियान के दौरान एक स्टील कंटेनर बरामद किया गया, जिसमें चावल के बैग में छिपाकर रखा गया 125 किलो अमोनियम नाइट्रेट पाउडर मिला. हर बैग में 25 किलो विस्फोटक था. बम निरोधक दस्ते की सहायता से सभी बैग को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया. यह कार्रवाई नक्सलियों की बड़ी साजिश को विफल करने के रूप में देखी जा रही है. इस मामले में विधिसम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है. अभियान में शामिल बलों में सरायकेला- खरसावां पुलिस, चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी शामिल थे.



