
गम्हरिया : न कोई लोभ, न किसी चीज की चाहत… बस आत्मीय संतुष्टि. आइये आपको हम एक ऐसे शख्स से मिलवाते हैं जिसके जीवन का मकसद ही साफ- सफाई और पेड़-पौधे लगाकर प्रकृति की रक्षा करना है. वो भी निःस्वार्थ…. है न हैरान करने वाली बात! लेकिन यह सत्य है… झारखंड के सरायकेला- खरसावां जिले के गम्हरिया निवासी 85 वर्षीय सुखदेव महतो के जीवन का मकसद ही साफ- सफाई करना और अपने परिवेश को स्वच्छ रखना है. सुखदेव महतो टाटा स्टील में क्रेन ऑपरेटर थे. जेआरडी के बीमार होने की सूचना पर मुंबई जाकर उनसे मुलाकात कराने में रतन टाटा की भूमिका को याद कर वे भावुक हो उठते हैं. श्री महतो कहते हैं उन्हें इस बात की चिंता नहीं, कि लोग उन्हें क्या कहते हैं. उनकी दिनचर्या में शामिल हो चुका है करनी, झाड़ू और सफाई. एक हजार रुपए पेंशन पाकर भी वे खुशहाल हैं. बेटी की विदाई और पत्नी के देहांत के बाद जीवन के खालीपन को वे अपने परिवेश को साफ- सुथरा कर भरते हैं. न किसी चीज की ख्वाहिश, न कोई लोभ. न अखबारों में सुर्खियां बटोरने की ललक न किसी से ईनाम की चाहत. उद्देश्य यही, कि युवा पीढ़ी उनकी विरासत को आगे ले जाएं, ताकि प्रकृति की खूबसूरती बनी रहे. सुखदेव महतो अक्सर गम्हरिया, आदित्यपुर और जमशेदपुर में टाटा साहब के स्टैच्यू के आसपास साफ- सफाई करते अक्सर नजर आते हैं. उम्र के इस पड़ाव में भी उन्हें न ब्लड प्रेशर की शिकायत है, न ही शुगर उन्हें छू सकी है. सुखदेव के इस जज्बे के कायल जेआरडी और रतन टाटा भी हो चुके हैं. और उन्हें नाम से जानते हैं. ऐसे शख्सियत को गुमान नहीं होना अपने आप में बहुत बड़ा पुरस्कार है. अमूमन स्वच्छ भारत अभियान के तहत लोगों को सफाई कम अखबारों और मीडिया में आने की ललक अधिक होती है, लेकिन सुखदेव महतो जिसका मकसद ही साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है, वो भी गुमनाम रहकर ऐसे शख्सियत को हम सलाम करते हैं.











