सरायकेला/ कपाली/ तिरुलडीह : आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर सरायकेला जिले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थानों में शांति समितियों के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं. बुधवार को एसडीपीओ समीर कुमार संवैया की अध्यक्षता में सरायकेला थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई, जबकि कपाली और तिरुलडीह थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्र की शांति समितियों के साथ बैठक कर ईद, सरहुल और रामनवमी आपसी भाईचारे के साथ शांति पूर्वक मनाने का निर्णय लिया गया. बता दें कि 31 मार्च को ईद है, जिसमें ईदगाह और मस्जिदों में नमाज पढ़ी जाएगी. वहीं सरहुल पर्व मनाने के लिए आदिवासी समुदाय के लोग 31 मार्च को उपवास रखेंगे और एक अप्रैल को झखरा कुंबा में पूजा की जाएगी. वहीं सात अप्रैल को रामनवमी है. सरायकेला एसडीपीओ समीर कुमार सवैयां ने आम लोगों को सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ सूचनाएं नहीं फैलाने की हिदायत देते हुए ऐसी कोई भड़काऊ या शांति भंग करनेवाली कोई सूचना मिलने पर तुरत पुलिस को अवगत कराने को कहा. इसी प्रकार उन्होंने किसी समुदाय को तकलीफदेह लगने वाले भड़काऊ गाने नहीं बजाने की हिदायत भी दी. उन्होंने कहा कि इस बार एक साथ तीन समुदायों के लोगों द्वारा तीन त्योहार एक साथ मनाने का सौभाग्य मिला है, इसे सभी लोग शांति व सौहार्द के साथ मिल-जुलकर मनाएं. उन्होंने कहा कि जुलूस निकलने वाले रूटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

उधर कपाली के डांगरडीह सामुदायिक भवन में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई. चांडिल सीओ अमित कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में ईद एवं रामनवमी का त्योहार शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का निर्णय लिया गया. कपाली ओपी प्रभारी सोनू कुमार ने क्षेत्र में ईद और रामनवमी के त्योहार को लेकर उपस्थित गण्यमान्य लोगों से जानकारी ली. बैठक में उपस्थित गण्यमान्य लोगों ने कहा कि क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व त्योहार मनाने की परंपरा रही है. यहां सभी समुदायों एवं सभी वर्गों के लोग मिलकर त्योहार मनाते आए हैं. रामनवमी में एकता व सामाजिक भाईचारे का परिचय सभी लोग देते हैं. वहीं थाना प्रभारी सोनू कुमार ने कहा कि किसी प्रकार की अफवाह ना फैलाएं और अफवाहों से दूर रहें. यदि कोई भी हुड़दंग करता है तो इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दें. पुलिस-प्रशासन हुड़दंगियों से निपटने में पूरी तरह से सक्षम है. कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में लेता हैं अथवा साम्प्रदायिक सौहाद बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)

इसी तरह तिरुलडीह थाना परिसर में भी बुधवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री बाखला की अध्यक्षता में ईद, सरहुल और रामनवमी को लेकर शांति समिति कि बैठक आयोजित हुई. बैठक में शांतिपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने का निर्णय लिया गया. बीडीओ राजश्री बाखला ने कहा कि रामनवमी जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से निकले एवं धर्म विरोधी गानों पर प्रतिबंध रहेगा. साथ ही असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रहेगी.











