सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र से दो युवकों के लापता होने और गम्हरिया थाना क्षेत्र में दो शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने बताया कि मारपीट और जानलेवा हमला कर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर राहुल हांसदा और उसके दोस्त तपन प्रधान के शव बरामद किए गए हैं.पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त की शाम पिण्ड्राबेड़ा गांव निवासी राहुल हांसदा, सूरज हांसदा और तपन प्रधान को धतकीडीह स्कूल के पास मारपीट के बाद एक गाड़ी से गम्हरिया के सरनामूल ले जाया गया था. (नीचे भी पढ़े)

वहां भी तीनों पर जानलेवा हमला किया गया. इस दौरान सूरज हांसदा किसी तरह भाग निकला, जबकि राहुल और तपन का कोई पता नहीं चला.राहुल के पिता रवि हांसदा ने 20 अगस्त को कांड्रा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सरायकेला अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने पिण्ड्राबेड़ा निवासी फुलचंद रघुनाथ हांसदा (22) और रविन्द्र मार्डी (25) को गिरफ्तार किया. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दोनों की निशानदेही पर गम्हरिया थाना क्षेत्र के रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे वनभूमि में जमीन के अंदर गाड़े गए राहुल और तपन के शव बरामद किए गए. (नीचे भी पढ़े)
शवों की बरामदगी दंडाधिकारी की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ की गई.पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का बल्ली और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फुलचंद रघुनाथ हांसदा और रविन्द्र मार्डी, दोनों पिण्ड्राबेड़ा, थाना कांड्रा, सरायकेला-खरसावां निवासी के रूप में हुई है. इस संबंध में कांड्रा थाना कांड संख्या 20/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही है.




