सरायकेला : सरायकेला जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत नीमडीह प्रखंड के झिमड़ी गांव में बीती रात दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद चांडिल एसडीओ विकास कुमार राय ने झिमड़ी गांव के आसपास निषेधाज्ञा लागू करने की अधिसूचना तत्काल प्रभाव से जारी कर दी है.
यह अधिसूचना उत्तर में झिमड़ी गांव से सिंदूरपुर गांव तक, दक्षिण में झिमड़ी गांव के सीमाना से मुरू गांव तक, पूर्व में झिमड़ी गांव के सीमाना से लाकड़ी गांव तक और पश्चिम में झिमड़ी गांव के सीमाना से किशुनडीह गांव तक तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक लागू रहेगा. इसके साथ ही क्षेत्र में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, किसी प्रकार का धरना-प्रदर्शन, रैली, सभा, ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग हरवे-हथियार एवं आग्नेयास्त्र के साथ चलने अथवा उसका प्रयोग करने पर प्रतिबंध रहेगा. जारी निषेधाज्ञा क्षेत्र में उपस्थित पदाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, पुलिस बलों, कर्मियों तथा थाना से संबंधित कार्य से आने-जाने वाले छोटे एवं बड़े वाहनों पर लागू नहीं होगा.
विद्यार्थियों के शिक्षण संस्थान में आने-जाने व अन्य व्यक्तियों के उक्त क्षेत्र से होकर अन्य कार्यों से आने-जाने अथवा उक्त क्षेत्र से शव यात्रा, वैवाहिक एवं धार्मिक कार्य से आने- जाने वाले लोगों पर भी यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा. इसके अलावा सिखों के कृपाण धारण, नेपालियों के खुकरी धारण करने पर भी यह आदेश लागू नहीं होगा.














