सरायकेला : राज्य के आदिवासी कल्याण मंत्री चंपई सोरेन के निर्देश पर कला नगरी सरायकेला के कायाकल्प का जिम्मा जुडको को दिया गया है. नगर पंचायत क्षेत्र के विकास के लिए 15 विभिन्न योजनाओं को लेकर जुडको ने शुक्रवार को नगर पंचायत क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि जुडको ही आदित्यपुर नगर निगम के कायाकल्प की जिम्मेवारी भी निभा रही है, जो चार साल बीत जाने के बाद भी धरातल पर नहीं उतर सकी है. खुद मंत्री भी कई बार जुडको की कार्यशैली पर सवाल उठा चुके हैं, बावजूद इसके जुडको पर मंत्री का भरोसा कुछ और ही कहानी बयां कर रहा है. विदित हो कि जुडको की कार्यशैली की वजह से ही आदित्यपुर नगर निगम की जनता त्राहिमाम कर रही है. इसको लेकर सामाजिक संस्था जन कल्याण मोर्चा ने झारखंड हाईकोर्ट में पीआईएल दाखिल कर रखा है, जिसमें विभागीय सचिव, जुडको एवं जिले के उपायुक्त को आरोपी बनाया गया है.(नीचे भी पढ़ें)
शुक्रवार को जुडको की टीम ने अति महत्वाकांक्षी योजना, नदी के किनारे मरीन ड्राइव, माजना घाट में पार्क एवं बीयर का निर्माण, कुदरसाई शिव मंदिर परिसर में पार्क का पुनर्निर्माण, पब्लिक दुर्गा मंदिर का सौंदर्यीकरण, दीवानसाई में मैरेज हॉल का निर्माण, डेली मार्केट में बहुमंजिला मंडी हाउस का निर्माण, बाजार में मल्टी कॉम्प्लेक्स का निर्माण सहित अन्य योजना स्थलों का निरीक्षण किया गया.(नीचे भी पढ़ें)
स्वर्णरेखा परियोजना / खरकई नहर प्रमंडल आदित्यपुर कार्यपालक अभियंता ने मरीन ड्राइव निर्माण के लिए बाढ़ संभावित क्षेत्रों पर चर्चा की गयी. निर्देश दिया गया कि परामर्शी द्वारा डीपीआर बनाते समय इसे गंभीरता से ध्यान में रखा जाए. स्थलों के निरीक्षण के बाद यथाशीघ्र परामर्शी का चयन कर डीपीआर बनाने का कार्य आरंभ करने का निर्णय लिया गया.(नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर जुडको जीएम विनय कुमार, डीजीएम संतोष चौबे, पीएम धनंजय कुमार एवं नयन मोदक, स्वर्णरेखा परियोजना खरकाई नहर प्रमंडल आदित्यपुर के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार, सरायकेला अंचलाधिकारी सुरेश कुमार सिन्हा, सरायकेला नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि सनद कुमार आचार्य, नगर प्रबंधक सुमित सुमन, कनीय अभियंता कौशल किशोर सिंह सहित अन्य सभी उपस्थित थे.



