
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिला के राजनगर थाना पुलिस ने रुंगटा माइन्स से 29 टन सरिया गायब करने के मामले में बिहार के गया जिले के डोभी से ट्रक मालिक अखिलेश कुमार को 10 टन सरिया के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस संबंध में जानकारी देते हुए राजनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि पटना स्टील ट्रेडर्स में कार्यरत रविकांत पांडेय की लिखित शिकायत के आधार पर एक टीम गठित करते हुए मामले का अनुसंधान किया गया. इसी क्रम में ट्रक के मालिक अखिलेश कुमार के घर पर छापेमारी की गई. जहां से 10 टन सरिया बरामद किया गया है. उन्होंने बताया कि बाकी सरिया अखिलेश कुमार ने अपने नवनिर्मित मकान में लगाने की बात कही है. पुलिस ने ट्रक संख्या बीआर02 जीबी- 0401 को भी बरामद कर लिया है.













