
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत गाड़ाबासा मथुरा बगान में अपराधी रवि खेड़ा ने फायरिंग की थी. घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी है. घटना के दिन ही दोपहर करीब एक बजे रवि गोलमुरी थाना में हाजिरी देने पहुंचा था. पूछताछ में उसने पुलिस को बताया था कि वह फिलहाल कोई गलत काम नहीं कर रहा है और अभी चालक का काम कर रहा है. पुलिस को स्थानीय लोगों से पूछताछ में यह जानकारी मिली कि जेल से आने के बाद रवि केबुल कंपनी में चोरी करने वाले चोरों को हथियार दिखाकर रुपए वसूलने का काम कर रहा है. बीती रात भी वह बजरंग नगर के कुछ चोरों को हथियार का भय दिखा कर डरा रहा था. पहले रवि ने एक हवाई फायरिंग की. दूसरा फायर करने पर वह गोली वहां से गुजर रही महिला सुनीला शर्मा को लगी. घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए. इधर पुलिस रवि की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. बता दें कि बीती शाम गोलमुरी मथुरा बगान में अपराधियों ने हवाई फायरिंग की थी. मोबाइल रिपेयरिंग कराने जा रहे सुनीला शर्मा को पेट में गोली लगी. घटना के बाद उसे तत्काल इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था.













