
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के राजनगर थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर डीबीएल कंपनी के बाउंड्री के पास रखे लोहे के गुमटीनुमा पुराना ऑफिस में चोरी मामले का खुलासा करते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों का नाम अजय सिंह, दीपक प्रसाद और पिंटू कैबर्त बताया जा रहा है. इनमें से अजय सिंह और दीपक प्रसाद जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र का रहने वाला है जबकि पिंटू केवट राजनगर का ही रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस ने इनके पास से एक गैस सिलेंडर, एक कटर, एक चोरी का लोहा लदा 407 ट्रक (जेएच 05एटी-0848) और एक मोटरसाइकिल (जेएच 05एक्स-2789) बरामद किया है. घटना के संबंध में जानकारी देते हुए राजनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया, कि कंपनी के गार्ड द्वारा दिए गए लिखित शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए तत्काल छापेमारी की गई. जहां से अजय सिंह को दबोचा गया, जबकि दो युवक दीपक प्रकाश गुप्ता और पिंटू कैवर्त बाइक और 407 के साथ मौके से भाग निकला. गिरफ्त में आए अजय सिंह की निशानदेही पर दोनों को चोरी के सामान 407 और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्त में आए तीनों अपराध कर्मियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है.














