
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना अंतर्गत गुराडीह गांव में एक 19 वर्षीय प्रवासी मजदूर अजय पूर्ति की संदेहास्पद मौत के बाद सनसनी फैल गयी. इस संबंध में ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार युवक 30 मई को गुजरात से आया था. सरकारी स्तर से वापस आने के कारण सरायकेला सामुदायिक भवन के लेबर रिसिविंग केंद्र में उसका स्वास्थ्य जांच किया गया था. ग्रामीणों की मानें तो मृत्तक को बुखार, सर्दी, बदन दर्द, सांस लेने में तकलीफ थी जिससे ग्रामीण कोरोना का लक्षण मान रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया कि तबियत खराब होने पर सहिया व एएनएम के साथ स्वास्थ्य विभाग को भी इसकी सूचना दी गयी, लेकिन मेडिकल टीम नही पहुंची. वहीं ग्रामीणों में समय पर स्वास्थ्य विभाग की टीम के नही पहुंचने पर आक्रोश है. वैसे मृतक ग्रीन जोन से आया था जिसके कारण उससे होम क्वारंटीन किया गया था. होम क्वारंटीन में रहने के दौरान उसका तबियत बिगडने लगा था और होम क्वारंटीन अवधी के बाद 25 जून को उसकी संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गयी. ग्रामीणों का कहना है कि अगर सूचना के साथ ही समय पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचती तो शायद युवक की जान बच सकती थी. गुराडीह गांव में युवक के संदेहास्पद मौत के मामले पर स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ब्लॉक एकाउंट मैनेजर दिवाकर झा, लेडिज हेल्थ विजिटर मंजुला राठौर, एएनएम नीलम केरकेट्टा घटना के दो दिन बाद गुराडीह पहुंची व घटना की जानकारी लेते हुए आसपास के लोगों की सूची तैयार किया गया और ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि आसपास के लोगों का स्वास्थ्य जांच हेतु सैंपल लिया जाएगा. वहीं मामले पर सिविल सर्जन डॉ हिमांशु भुषण बरवार ने बताया कि गुराडीह गांव में होम क्वारंटीन के दौरान बीमार पडने व कुछ दिनों बाद मौत होने की जानकारी नही है. वापस आने के बाद उसके स्वास्थ्य जांच किया गया था हो सकता है किसी दूसरे बीमारी से इसकी मौत हुई हो मामले की पूरी जानकारी नही है.






