सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत डुमरा गांव स्थित एक नीम के पेड़ से लटका युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से युवक के शव को पेड़ से उतारा और आगे की कार्रवाई में जुट गई है. मृतक की पहचान भुवनेश्वर मंडल (25) के रूप में हुई, जो सनातन मंडल का पुत्र था. बताया जाता है कि मृतक़ गुजरात में काम करता था और 15 दिन पहले ही गांव आया था. युवक का शव मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी. परिजनों के अनुसार, युवक सोमवार रात 9 बजे घर से निकला था और वापस नहीं आया. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने युवक के नशे की लत का हवाला देते हुए आत्महत्या की आशंका जताई है. लेकिन शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका भी जताई जा रही है, क्योंकि शव झूल रहा था और दोनों पैर घुटनों से मुड़े हुए और जमीन से सटे हुए थे. डुमरा गांव में अवैध महुआ शराब का उत्पादन होता है, जिसकी चर्चा ग्रामीणों के बीच हो रही है. ग्रामीणों का मानना है कि जब तक अवैध शराब उत्पादन बंद नहीं होता, ऐसी घटनाएं होती रहेंगी और ग्रामीणों के परिवार उजड़ते रहेंगे.



