कोलकाता : भाजपा नेता शुभेन्दु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे. शुक्रवार को कोलकाता में भाजपा विधायक दल की बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में हुई बैठक में उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और ओडिशा के सीएम मोहन माझी की मौजूदगी में उनके नाम का ऐलान किया गया है. शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में नंदीग्राम और भवानीपुर से जीते हैं. उन्होंने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया है. बैठक में पश्चिम बंगाल भाजपा के नेता दिलीप घोष ने शुभेन्दु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे विधायकों ने तालियों की गडगड़ाहट के साथ उस पर मुहर लगाई. 55 वर्षीय शुभेन्दु अधिकारी पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले से आते हैं. इस जिले के करकुली गांव में उनका जन्म हुआ था. पश्चिम बंगाल चुनावों में भाजपा को 293 सीटों में 207 पर जीत मिली हैं. शुभेन्दु अधिकारी बंगाल में भाजपा के पहले सीएम होंगे. (नीचे भी पढ़ें)

शुभेन्दु अधिकारी का जन्म 15 दिसंबर, 1970 को हुआ था. शुभेन्दु के पिता शिशिर अधिकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं. शुभेन्दु अधिकारी को राजनीति विरासत में मिली है. उन्होंने पंचयत से लेकर पार्लियामेंट तक सफर तय किया. वह 2005 में पहली बार विधायक बने थे. इसके बाद 2009 और फिर 2014 में तामलुक से लोकसभा के सदस्य चुने गए. नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन में उनकी भूमिका ने उन्हें बंगाल की राजनीति में ‘मेदिनीपुर का बादशाह’ बना दिया. दिसंबर 2020 में वह तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए. 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट से हराकर सबको चौंका दिया. इसके बाद मई 2021 से 2026 तक वे पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे. अब वह पश्चिम बंगाल में शीर्ष पद को संभालेंगे.







