जमशेदपुर : व्यापारियों एवं आम उपभोक्ताओं को छोटे सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में शुक्रवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर शाखा के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से सिक्कों के वितरण का तीसरा सत्र आयोजित किया गया. शुक्रवार के सत्र में ₹1 और ₹20 के सिक्कों का वितरण किया गया. यह वितरण सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों, विशेष रूप से अमित डे के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. चैंबर के इस प्रयास से स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों एवं छोटे व्यवसायियों को लेन-देन में आने वाली छुट्टे पैसों की समस्या से काफी राहत मिलेगी. सिंहभूम चैंबर द्वारा अब तक कुल तीन सत्रों में लगभग ₹15 लाख के सिक्कों का वितरण किया जा चुका है. वहीं, चैंबर द्वारा विभिन्न बैंकों के सहयोग से अब तक कुल लगभग ₹40 लाख के सिक्कों का वितरण व्यापारियों के बीच किया जा चुका है, जिससे शहर के बाजारों में छोटे सिक्कों की उपलब्धता बढ़ी है और व्यापारिक गतिविधियों को सुचारू रूप से चलाने में सहायता मिली है. इस अवसर पर चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि बाजार में छोटे सिक्कों की कमी को देखते हुए चैंबर लगातार बैंकों के साथ समन्वय बनाकर व्यापारियों को सिक्के उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है. उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों, विशेष रूप से अमित डे का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. (नीचे भी पढ़ें)
चैंबर के महासचिव श्री पुनीत कौंटिया ने कहा कि छोटे सिक्कों की कमी की समस्या को लेकर चैंबर लगातार विभिन्न स्तरों पर पहल कर रहा है. उन्होंने बताया कि हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक के ओम्बड्समैन के साथ हुई बैठक में भी बाजार में सिक्कों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था और बैंकों के माध्यम से अधिक मात्रा में सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया था, ताकि व्यापारियों और आम जनता को राहत मिल सके. चैंबर के सचिव भरत मखानी के प्रयासों की भी सराहना की गई. चैंबर पदाधिकारियों ने कहा कि विभिन्न बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने में भरत मखानी ने सराहनीय प्रयास किए हैं, जिसके कारण व्यापारियों को लगातार सिक्के उपलब्ध कराए जा रहे हैं. छुट्टे वितरण कार्यक्रम के दौरान चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया, महासचिव पुनीत कौंटिया एवं सचिव भरत मखानी उपस्थित थे और उन्होंने वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया. सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने आशा व्यक्त की है कि बैंकों के सहयोग से भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे जमशेदपुर के व्यापारियों और आम लोगों को छोटे सिक्कों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो सके.







