
जमशेदपुर : कोल्हान के व्यापारियों की संस्था सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स कोरोना में आयी शिथिलता के बाद एक्शन में आ गयी है. झारखण्ड राज्य के कोल्हान प्रमंडल में आयात-निर्यात की संभावनाओं को मूर्त रूप प्रदान करने के लिये सिंहभूम चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयात-निर्यात पर एक ऑनलाईन निःशुल्क वेबिनार का आयोजन मंगलवार को शाम पांच बजे से किया जा रहा है. यह आयोजन इंटरनेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट मैनेजमेंट के सहयोग से सिंहभूम के व्यापारियों एवं उद्यमियों के लिये किया जा रहा है. इस वेबिनार में इंस्टीच्यूट के विशेषज्ञ विराल शाह वक्ता के रूप में होंगे. विराल शाह बतायेंगे कि छोटे से छोटा व्यापारी या उद्यमी किस तरह से एवं कैसे आयात-निर्यात कर अपने व्यापार को आगे बढ़ा सकते हैं. इस हेतु कैसे रजिस्ट्रेशन करवाना है, किस वस्तु का आयात-निर्यात किया जा सकता है. क्रेता एवं विक्रेता कैसे खोजेंगे, इसमें बैंकों का सहयोग एवं अन्य आवश्यकताओं को कैसे पूरा किया जा सकता है इत्यादि के विषय में विस्तारपूर्वक बतायेंगे.
जुगसलाई ओवरब्रिज को लेकर सरकार को याद दिलाया वादा
सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव सत्यनारायण अग्रवाल मुन्ना ने केंद्र और राज्य सरकार को याद दिलाया है कि जुगसलाई ओवरब्रिज को बनाने का काम किया जाये. यह बताया है कि 19 अप्रैल, 2018 में रेलवे, भारत सरकार एवं 7 नवंबर, 2018 को राज्य सरकार द्वारा जुगसलाई रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण हेतु आधारशिला रखी गई थी. यह कार्य 12 माह में पूर्ण होना था. इस ओवरब्रिज के निर्माण से लाभान्वित होने वाले लाखों नागरिकों के चेहरों पर खुशी के भाव थे कि देश की आजादी से पहले की मांग पूरी होने वाली है. परंतु शायद यह सपना था. रेलवे द्वारा रेलवे ट्रैक के ऊपर ब्रिज का निर्माण संपन्न किये एक वर्ष से अधिक हो गया है. तीन वर्षों से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी पहुंच पथ काकार्य जो कि राज्य सरकार द्वारा करवाया जाना था, बन्द पड़ा है. इस कारण लाखों जनता की इस डिमांड को अब पूरा करा दिया जाये और जो भी अड़चन है, उसको दूर किया जाये.






