
जमशेदपुर के परसुडीह थाना पुलिस ने बीते 30 जुलाई को एक युवती के साथ हुए दुष्कर्म मामले के आरोपी लालटू भूमिज को सुंदरनगर के ब्यांबिल से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गौरतलब है कि 3 जुलाई को कि परसुडीह थाना क्षेत्र की रहने वाली एक आदिवासी युवती के साथ गैंगरेप का मामला प्रकाश में आया था. इस संबंध में परसुडीह थाना में अर्जुन और उसके पांच अन्य साथियों के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया गया था. परसुडीह टुपूडांग निवासी 18 साल की युवती का करीब एक सप्ताह पहले ही एक लड़के से दोस्ती हो गयी थी. इसके बाद वह उस लड़के से बातचीत कर रही थी. 29 जुलाई को लड़के ने उसको परसुडीह थाना क्षेत्र के सिद्धू कान्हू चौक के पास बातचीत करने के बहाने उसको बुलाया. वह सिद्धू कान्हू चौक के पास पहुंची और उक्त लड़के के साथ सुनसान में बातचीत कर रही थी. इसी बीच लड़के ने उसके साथ शारीरिक छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया. युवती ने इसका प्रतिरोध किया तो पास में ही उसके पांच और दोस्त थे. उन पांच दोस्तों के साथ मिलकर सभी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था. जब यह कांड हुआ, उस वक्त रात के नौ बज रहे थे. करीब डेढ़ घंटे तक लड़की उन लोगों के कब्जे में रही. रात करीब साढ़े दस बजे लड़की पैदल अपने घर की ओर जा रही थी कि रास्ते में लोगों ने रात के वक्त अकेले जाने का कारण पूछा तो उसने कुछ नहीं बताया. इसके बाद बदहवास लड़की को देखकर लोगों ने सौ नंबर पर डायल कर पुलिस को बुलाया. इसके बाद पुलिस की पीसीआर वैन वहां पहुंची और लड़की को अपने साथ उसके घर ले गयी, जहां सारी बातें लड़की ने बतायी. इस मामले में परसुडीह थाना में एफआइआर दायर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी. हालांकि पुलिस ने उक्त मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ किया था, जिसके बाद आज मामले का मुख्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में आ गया. वहीं बाकी दुष्कर्मियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी में जुटी है.






