बीजिंग : कितना ही अच्छा हो कि आपका फोन फुल चार्ज होते ही चार्जर खुद-ब-खुद फोन से बाहर आ जाए! इसे हकीकत कर दिखाया है चीनी कंपनी कुआजिया के बनाये एक चार्जर ने जो एआइ से भी लैस है. यह चार्जर फोन के फुल चार्ज होते ही फोन से बाहर आ जाता है. फोन चार्ज करते समय अक्सर डर बना रहता है कि फोन चार्ज होने के बाद भी प्लग में लगे-लगे ओवरचार्ज न होता रहे. जाहिर है कि ओवर चार्ज होने का बैटरी के हेल्थ पर खराब असर पड़ता है और बैटरी धीरे-धीरे खराब होने लगती है. कुआजिया नाम की चीनी कंपनी ने इसका बेहतरीन उपाय ढूंढ़ निकाला है. कंपनी ने एक ऐसा स्मार्ट चार्जर बनाया है, जो फोन के फुल चार्ज होते ही खुद फोन के पोर्ट से बाहर निकल आता है. इस कमाल के चार्जर को काम करता देख हर कोई हैरान है. यह चार्जर फोन की ओवर चार्जिंग और उससे बैटरी पर पड़ने वाले खराब असर को रोक कर सकता है. (नीचे भी पढ़ें)

कुआजिया कंपनी का नया चार्जर एआइ से भी लैस है. यह इस बात पर लगातार नजर रखता है कि वोल्टेज और करंट के स्तर क्या हैं. जैसे ही सेंसर को समझ में आता है कि फोन की बैटरी 100% चार्ज हो चुकी है, वैसे ही एडॉप्टर के अंदर लगा एक इलेक्ट्रोमैग्नेट और स्प्रिंग-लोडेड मैकेनिज्म एक्टिवेट हो जाता है, जिसकी मदद से चार्जर एक सेकंड में कुद फोन से बाहर निकल जाता है. ऐसे में लोगों को किसी ऐप या सॉफ्टवेयर के भरोसे नहीं रहना पड़ता, जो उनके फोन को ओवरचार्ज होने से रोके. इसकी खास बात यह है कि यह एंड्रॉइड और आइओएस दोनों के लिए काम करता है और 140 वॉट तक की सुपर-फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है. (नीचे भी पढ़ें)

चीनी कंपनी का यह स्मार्ट चार्जर स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली लिथियम-आयन बैटरी की उम्र बढ़ा सकता है. दरअसल फोन 100% चार्ज होने के बाद भी चार्जिंग पर लगा रहे, तो फोन में ट्रिकल चार्जिंग होती रहती है. इससे फोन की बैटरी गर्म होती रहती है, जिसका सीधा असर बैटरी के हेल्थ पर पड़ता है. ऐेसे में अगर चार्जर खुद बाहर आ जाए, तो फोन का बैटरी-हेल्थ लंबे समय तक नए जैसा रहना आसान हो जाता है.(नीचे भी पढ़ें)

आजकल लगभग सभी कंपनियां बैटरी हेल्थ बचाने के लिए ऑप्टिमाइज्ड चार्जिंग जैसे सॉफ्टवेयर फीचर्स देती हैं, जो चार्जिंग को 80% या 85% पर रोक देते हैं. हालांकि सॉफ्टवेयर के जरिए मिलने वाले फीचर्स की वजह से भले चार्जिंग रुक जाती है लेकिन चार्जर का तार फोन में लगे रहने से फोन और बैटरी का गर्म होना नहीं रुकता. ऐसे में कुआजिया का ऑटोमेटिक चार्जर ज्यादा बेहतर साबित होता है, जो कि हार्डवेयर पर आधारित उपाय पेश करता है. इसके बाद मन में किसी तरह का डर या शंका नहीं बनी रहती कि चार्ज होने के बाद भी आपका फोन ओवर चार्ज होता रहेगा या नहीं.



