जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी द्वारा ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत स्टूडेन्ट एक्सचेंज प्रोग्राम 2022 का भव्य समापन समारोह कुड़ी महान्ती ऑडिटोरियम, जुस्को स्कूल, कदमा में हुआ। विश्वविद्यालय को नोडल केंद्र चुने जाने के कारण गोवा के विद्यार्थियों की टीम को अपने नेतृत्व में झारखण्ड की संस्कृति से परिचित कराने का अवसर प्राप्त हुआ। शुक्रवार को आयोजित समापन समारोह की अध्यक्षता कुलपति प्रो (डॉ) अंजिला गुप्ता ने की। मुख्य अतिथि के रूप में टाटा स्टील कार्पोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी उपस्थित थे। दीप प्रज्जवलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। डॉ सनातन दीप एवं संगीत विभाग की छात्राओं ने सरस्वती वन्दना एवं विश्वविद्यालय कुलगीत की प्रस्तुति की। इस अवसर पर पर कुलपति ने जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के विकास में टाटा स्टील कंपनी से विधिवत सहयोग की बात कही। चाणक्य चौधरी ने भरोसा दिलाया कि जो भी संभव सहयोग होगा, टाटा स्टील उसे जरूर वीमेंस यूनिवर्सिटी के लिए करेगी। (नीचे भी पढ़ें)
टाटा स्टील का इतिहास भारत के औद्योगिक विकास का इतिहास है : चाणक्य चौधरी
टाटा स्टील कार्पोरेट सर्विसेज से वाइस प्रेसिडेंट चाणक्य चौधरी ने कहा कि “स्टूडेन्ट एक्सचेन्ज प्रोग्राम के अर्न्तगत अलग अलग राज्य को समझने का सुन्दर अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने 34 वर्षो तक टाटा स्टील में कार्य करने के अनुभव को साझा किया। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील न केवल भारत बल्कि एशिया का पहला उद्योग है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारा देश भविष्य की युवा पीढ़ी पर निर्भर करता है और ऐसे कार्यक्रम से युवा पीढ़ी के लिए सीखने के अवसर हैं। जमशेदपुर का इतिहास सिर्फ टाटा स्टील का इतिहास नहीं है बल्कि यह भारत के औद्योगिक विकास का इतिहास है। यहां भ्रमण करने वाले यूथ ने इस इतिहास को महसूस किया है। चौबीस घंटे और सीधे पीने योग्य पानी की उपलब्धता टाटा स्टील का बेंचमार्क है जो लिविंग स्टैंडर्ड को सुनिश्चित करता है। (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम की सफलता में टाटा स्टील का अहम योगदान : डॉ अंजिला गुप्ता
वीमेंस यूनिवर्सिटी की कुलपति प्रो (डॉ) अंजिला गुप्ता ने कहा कि इस कार्यक्रम की सफलता में टाटा स्टील कम्पनी का अहम योगदान रहा है। भारत सरकार द्वारा इस कार्यक्रम की शुरुआत एक अच्छी पहल है। जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी को यह एक सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ। आने वाले समय में हमारे विश्वविद्यालय की छात्राओं को भी गोवा जाने का सुअवसर प्राप्त होगा। भारत ऐसा देश है जहां विभिन्न जाति, धर्म, भाषा के लोग रहते हैं फिर भी अनेकता में एकता भारत की पहचान है। गोवा की टीम अपने संग झारखण्ड की विभिन्न स्मृतियों को साथ ले कर जा रही है। उम्मीद है कि जब झारखंड के युवा यहां से गोवा जायेंगे तो अपने हृदय में एक गोवा बसाकर लायेंगे। एक भारत निश्चित रूप से श्रेष्ठ भारत होगा और अखण्डता की महत्वपूर्ण भावना के साथ सर्वश्रेष्ठ भारत भी बनेगा। (नीचे भी पढ़ें)
समारोह में मंच संचालन डॉ केया बैनर्जी और धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव डॉ प्रभात कुमार सिंह ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की डीएसडब्लयू डॉ किश्वर आरा समेत सभी पदाधिकारी, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मी, विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्य एवं छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स उपस्थित थीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में नोडल ऑफिसर डॉ श्वेता प्रसाद समेत मैनेजमेंट विभाग की छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।