जमशेदपुर : टाटा एजुकेशन एक्सीलेंस प्रोग्राम (टीइइपी) टीम ने अपने कार्यकारी समिति के चेयरपर्सन और टाटा स्टील के पूर्व वाइस प्रेसिडेंट, कारपोरेट सर्विसेज, चाणक्य चौधरी के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया. यह कार्यक्रम 10 जुलाई को जमशेदपुर के यूनाइटेड क्लब में आयोजित किया गया, जिसमें वाइस प्रेसिडेंट टीक्यूएम पीयूष गुप्ता, वाइस प्रेसिडेंट कारपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदरा रामम, चीफ टीक्यूएम और सीक्यूए त्रिप्ती श्रीवास्तव तथा टाटा स्टील फाउंडेशन के सीइओ सौरव रॉय की उपस्थिति रही. कार्यक्रम में केपीएस की डायरेक्टर लक्ष्मी शरत और गुलमोहर हाई स्कूल की प्रिंसिपल प्रीति सिन्हा के साथ-साथ टीइइपी टीम के सदस्य और टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे. टीइइपी टीम ने चाणक्य चौधरी के बहुमूल्य मार्गदर्शन और सहयोग के लिए दिल से आभार व्यक्त किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर पीयूष गुप्ता ने शिक्षा में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में इस कार्यक्रम की भूमिका को रेखांकित किया, वहीं डीबी सुंदरा रामम ने शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता को प्रोत्साहित करने के प्रति टाटा स्टील की निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया. चाणक्य चौधरी ने अपने संबोधन में गुणवत्ता और उत्कृष्टता के क्षेत्र में अपनी वर्षों की यात्रा को याद किया और इस दौरान डॉ जेजे ईरानी और बी मुथुरामन जैसे प्रेरणादायी मार्गदर्शकों से मिले अनुभव और सीख का विशेष उल्लेख किया. उन्होंने टाटा एजुकेशन एक्सीलेंस प्रोग्राम (टीइइपी) के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं. साल 2003 में शुरू किया गया टाटा एजुकेशन एक्सीलेंस प्रोग्राम (टीइइपी) स्कूलों को एक संरचित और व्यवस्थित प्रक्रिया के माध्यम से शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में सहायता करता है. यह कार्यक्रम वर्तमान में जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के स्कूलों में संचालित किया जा रहा है. स्कूल स्वेच्छा से इस एक वर्षीय कार्यक्रम में भाग लेते हैं, जिसके उपरांत उन्हें एक विशेष शैक्षणिक उत्कृष्टता मॉडल के आधार पर आंका जाता है. यह मॉडल विश्व प्रसिद्ध मैलकम बल्ड्रिज परफॉर्मेंस एक्सीलेंस मानदंडों पर आधारित है.




