जमशेदपुर : जमशेदपुर टाटा स्टील यूके ने सोमवार को अपनी हरित रूपांतरण यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ा. टाटा स्टील और टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने पोर्ट टैलबोट में प्रस्तावित अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (इएएफ) परियोजना के शिलान्यास समारोह में सरकारी मंत्रियों के साथ भागीदारी की. इस ऐतिहासिक अवसर पर श्री चंद्रशेखरन के साथ टाटा स्टील के सीइओ और प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन तथा टाटा स्टील यूके के सीइओ राजेश नायर भी मौजूद थे. उन्होंने परंपरागत रूप से फावड़ा चलाकर इस अत्याधुनिक परियोजना के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की. यह परियोजना यूके में अब तक की सबसे बड़ी और अत्याधुनिक निम्न-कार्बन स्टील निर्माण सुविधा के रूप में स्थापित होगी. यह पहल टाटा स्टील के 1.25 बिलियन पाउंड के हरित रूपांतरण कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसमें यूके सरकार का 500 मिलियन पाउंड का सहयोग शामिल है. नई इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस, जिसका संचालन 2027 के अंत तक शुरू होने की संभावना है, पोर्ट टैलबोट में कार्बन उत्सर्जन को लगभग 90 फीसदी तक घटाने में सहायक होगी. यह कटौती प्रति वर्ष करीब 5 मिलियन टन सीओ 2 के बराबर होगी. इसके साथ ही यह परियोजना उच्च गुणवत्ता वाली, सस्टेनेबल स्टील उत्पादन को सुनिश्चित करेगी और यूके में 5000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार को मजबूत आधार प्रदान करेगी. समारोह से पूर्व अपने संबोधन में श्री चंद्रशेखरन ने कहा कि यह दिन टाटा समूह, टाटा स्टील और पूरे यूके के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. (नीचे भी पढ़ें)

आज का यह शिलान्यास केवल एक नई इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस के निर्माण की शुरुआत नहीं है, बल्कि ब्रिटेन में सतत उत्पादन के एक नए युग का आगाज़ भी है. पोर्ट टैलबोट में हम एक स्वच्छ और हरित भविष्य की नींव रख रहे हैं, जो न केवल रोजगार को मजबूती देगा, बल्कि नवाचार को भी प्रोत्साहित करेगा और जिम्मेदार औद्योगिक नेतृत्व के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाएगा. उन्होंने आगे कहा कि यह परियोजना टाटा ग्रुप के यूके में जारी व्यापक निवेश का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो स्टील, ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी समेत कई क्षेत्रों में फैला हुआ है. यह हमारे और यूके के बीच लंबे समय से चले आ रहे भरोसे और साझेदारी का प्रतीक है, जो आने वाले वर्षों में और भी मजबूत होगा. यूके के बिज़नेस सेक्रेटरी जोनाथन रेनॉल्ड्स ने कहा कि यह हमारी औद्योगिक रणनीति का एक उत्कृष्ट उदाहरण है और वेल्स के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इस परियोजना से वेल्स की स्टील उद्योग को नया जीवन मिलेगा, जो न केवल स्थानीय समुदायों में विश्वास और स्थिरता लेकर आएगी, बल्कि हजारों परिवारों के लिए दीर्घकालिक रोजगार सुनिश्चित करेगी. उन्होंने आगे कहा कि यह सरकार हमारे स्टील उद्योग के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. (नीचे भी पढ़ें)

इसी उद्देश्य से हमने इस परियोजना को साकार करने के लिए 500 मिलियन पाउंड का सहयोग दिया है. हमारी आधुनिक औद्योगिक रणनीति यह स्पष्ट करेगी कि हम इस क्षेत्र को और अधिक समर्थन कैसे देंगे, ताकि देशभर में विकास को गति मिले और लोगों के लिए सम्मानजनक और बेहतर वेतन वाली नौकरियों के अवसर तैयार हों. यह सब हमारे ‘प्लान फॉर चेंज’ का अभिन्न हिस्सा है. वेल्स के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट जो स्टीवंस ने कहा कि यूके सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिए निर्णायक कदम उठाया है कि पोर्ट टैलबोट में स्टील उत्पादन आने वाली पीढ़ियों तक जारी रहे. टाटा स्टील को 500 मिलियन पाउंड का समर्थन देकर हमने न केवल इस उद्योग के भविष्य को सुरक्षित किया है, बल्कि कर्मचारियों और व्यापक समुदाय के लिए 80 मिलियन पाउंड का अतिरिक्त सहयोग भी प्रदान किया है. हमारी स्टील रणनीति के तहत यूके के स्टील उद्योग को पुनर्जीवित करने, रोजगार बरकरार रखने और विकास को प्रोत्साहित करने के लिए 2.5 बिलियन पाउंड का निवेश भी किया जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि टाटा की नई फर्नेस का निर्माण उस वादे को साकार करता है, जो हमने पोर्ट टैलबोट की स्थानीय जनता से किया था. इसके साथ ही फ्लोटिंग ऑफशोर विंड परियोजनाओं का विकास, सेल्टिक फ्रीपोर्ट की योजनाएं और स्थानीय विकास के लिए करोड़ों पाउंड का निवेश, ये सभी पहल पोर्ट टैलबोट के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करते हैं. वेल्स की फर्स्ट मिनिस्टर एलुनेड मॉर्गन ने कहा कि यह वेल्स के भारी उद्योग के लिए एक ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस ने पोर्ट टैलबोट में स्टील निर्माण के दीर्घकालिक भविष्य को सुरक्षित कर दिया है. आज भूमि पूजन होते देखना इस बात का ठोस प्रमाण है कि टाटा इस क्षेत्र में स्टील उत्पादन जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है. यह वही उद्योग है जिसने पीढ़ियों से यहां के लोगों को सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण रोजगार उपलब्ध कराया है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने आगे कहा कि निर्माण कार्य की यह शुरुआत पोर्ट टैलबोट और आसपास के समुदायों के लिए बेहद सकारात्मक खबर है. मुझे विशेष रूप से इस बात की खुशी है कि टाटा ने जहां भी संभव हो, स्थानीय ठेकेदारों और स्थानीय श्रमिकों को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्धता दिखाई है. यह न केवल अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा, बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन में भी स्थायी सुधार लाएगा. पोर्ट टैलबोट में बनने वाली यह इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (इएएफ) विश्व की सबसे बड़ी फैसिलिटीज में से एक होगी, जिसमें यूके से प्राप्त स्क्रैप स्टील को पिघलाकर हर साल 3 मिलियन टन स्टील का उत्पादन किया जाएगा. यह परियोजना टाटा स्टील यूके की व्यापक डिकार्बोनाइजेशन रणनीति का हिस्सा है. इसके तहत नई लैडल मेटालर्जी सुविधाओं, आधारभूत संरचना के उन्नयन और टेनोवा, एबीबी और क्लेसीम जैसी अग्रणी तकनीकी कंपनियों के साथ साझेदारी भी शामिल है. निर्माण कार्य का नेतृत्व प्रमुख कॉन्ट्रैक्टर सर रॉबर्ट मैकएलपाइन कर रहे हैं. उनके साथ रीजनल सप्लाई चेन के कई अनुभवी साझेदार भी जुड़े हुए हैं, जिनमें डारलो लॉयड एंड सन्स, एमआईआई, स्केल्टन थॉमस, वर्निक बिल्डिंग्स, एंड्रयू स्कॉट लिमिटेड और सिस्टम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं. यह शिलान्यास समारोह टाटा स्टील की दीर्घकालिक सस्टेनेबिलिटी के प्रति प्रतिबद्धता को और भी मजबूत करता है. यह न केवल यूके के औद्योगिक अवसंरचना को सशक्त बनाएगा, बल्कि यह भी सुनिश्चित करेगा कि वेल्स ग्रीन स्टील मेकिंग के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका में बना रहे.



