
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के अस्थाई कर्मचारियों ने यूनियन के महामंत्री आरके सिंह एवं अध्यक्ष गुरमित सिंह तोते को राष्ट्रीय स्तर पर मेटल फेडरेशन में राष्ट्रीय सचिव नियुक्त होने पर बधाई देने सैकड़ों की संख्या में यूनियन कार्यालय पहुंचे. अस्थाई कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ देकर एवं माला पहनाकर अध्यक्ष और महामंत्री का स्वागत किया. इस अवसर पर महामंत्री आरके सिंह ने अस्थाई कर्मचारी को संबोधित करते हुए कहा कि जब आपका छोटा भाई आपको सम्मान देता हो तो हृदय गदगद हो जाता है. अस्थाई कर्मचारी हमारी यूनियन के अंग के रूप में हैं. हर सुख-दुख में हम लोग एक साथ हैं. श्री सिंह ने कहा कि उन्होंने भारतीय ट्रेड यूनियन के नेताओं के समक्ष नियोजन की बात को रखते हुए कहा कि जहां सब कंपनी में छंटनी का वातावरण था, उस वातावरण में भी टाटा मोटर्स अस्थाई कर्मचारी स्थाई हो रहे हैं और ट्रेनिंग से अस्थाई होने का भी दौर जारी है. मेटल फेडरेशन में सोशल सिक्योरिटी स्कीम का विवरण हम लोगों ने रखा जिसे सुनकर सभी ट्रेड यूनियन करने वाले अचंभा रह गए. आने वाले समय में बोनस कराना, स्थायीकरण कराना और समय पर कराना, यूनियन के लिए चैलेंज है और हर चैलेंज को यूनियन स्वीकार करती है और सफल परिणाम का आशा करते है. अध्यक्ष ने अस्थाई कर्मियों को स्वागत में दिए गए पुष्पगुच्छ सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि उन्होंने जो सम्मान दिया है, उन्होंने जो एकता दिखाई है, इसका उत्तर हम आने वाले समय में आपकी हितकारी कार्यों को कर के दिखाएंगे. आप सबों को एकता बनाकर रखना है, हम इस एकता के दम पर ही अपनी विकास के नये कीर्तिमान स्थापित करेंगे. बहुत सारे डिवीजन से भी लोग बधाई देने आए जिसमे गियर कटिंग सिंक्रो लाइन, हॉस्पिटल, फाउंड्री, स्टब एक्सल के कर्मचारियों द्वारा भी बधाई दी गयी।





