
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों की सहूलियत के लिए जमशेदपुर के साकची गंडक रोड के पास नये बारी क्लब हाउस को बनाया गया है. पहले गरमनाला में बारी क्लब हाऊस होता था. टाटा स्टील के विस्तारीकरण में यह क्लब हाऊस को भी ले लिया गया, जिसके बदले यह क्लब हाऊस बनाया गया है. यह क्लब हाऊस जमशेदपुर का सबसे बड़ा क्लब हाऊस होगा. करीब 3000 वर्गफीट में क्लब हाऊस की बिल्डिंग बनी है जबकि इसकी पूरी चौहद्दी करीब 1.2 एकड़ की है. इतना बड़ा और इतना अत्याधुनिक क्लब हाऊस जमशेदपुर में नहीं बनाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

इसका संचालन टाटा स्टील के सहयोग से टाटा वर्कर्स यूनियन उसी तरह करती रहेगी, जैसे जमशेदपुर के अन्य क्लब हाऊस का संचालन होता है. गुरुवार को इस क्लब हाऊस का विधिवत उदघाटन किया गया. टाटा स्टील के वीपी कारपोरेट सर्विसेज चाणक्य चौधरी, वीपी एचआरएम अतरई सान्याल ने टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु के साथ मिलकर किया. इस मौके पर टाटा स्टील यूआइएसएल के एमडी रितुराज सिन्हा, टाटा वर्कर्स यूनियन के महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे. इसमें सबसे बड़ा हॉल है. वहीं, इसमें दो कमरा बनाया गया है, जिसमें एसी से लेकर सारी सुविधाएं है. (नीचे भी पढ़ें)
इन कमरों का इस्तेमाल शादियों के लिए किया जा सकेगा. बारात आने, ठहरने, शादियों को संपादित कराने के लिए यह सबसे उत्तम स्थान के रुप में विकसित किया गया है. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने बताया कि नया क्लब हाऊस को समर्पित कर दिया गया है. इसकी बुकिंग जल्द शुरू कर दी जायेगी. उन्होंने बताया कि बारी क्लब हाऊस इतना बड़ा और अत्याधुनिक बना है, जिससे कर्मचारियों को काफी सुविधा हो सकेगी. यह मेरे लिए गर्व की बात है कि हमारे और हमारी टीम के कार्यकाल में ऐसा काम हो पाया है.



