
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टाटा स्टील में बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर 6 निवासी ठेकेदार उमेश पांडेय की आत्महत्या के मामले में पंचायत प्रतिनिधि के नेतृत्व में शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने एसपी सुभाष चन्द्र जाट से मिलकर घटना में संलिप्त टाटा स्टील के पदाधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए एक पत्र सौंपा. पत्र मिलते ही एसपी ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी को टाटा स्टील के सिक्योरिटी हेड केशव सिंह को बुलाकर कंपनी परिसर के अंदर घटनास्थल का सील को खुलवाया. सिक्यूरिटी के सीनियर मैनेजर पंकज कुमार, बिष्टुपुर थाना के एआइओ अभिषेक कुमार के देखरेख में वीडियो रिकॉर्डिंग कर सील गोदाम को खोला गया. घटनास्थल पर सिक्योरिटी गार्ड को तैनात किया गया है ताकि वहां कोई छेड़छाड़ ना कर सके. इधर मृतक उमेश पांडेय के भाई लक्ष्मी चंद्र पांडेय की दोनों किडनी खराब हो जाने के कारण स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें तत्काल टीएमएच में भर्ती कराया गया है. पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया गया है कि शव का दाह संस्कार नहीं किया जाएगा. इस मौके पर जिला पार्षद किशोर यादव, मुखिया प्रतिमा मुंडा, उप मुखिया सुनील गुप्ता, पंसस प्रतिनिधि सरवन मिश्रा, बन्ना गुप्ता फैंस क्लब के अध्यक्ष अनिल सिंह, समाजसेवी ब्रिज तिवारी, सुकेश पांडे ओम प्रकाश सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे.





