
जमशेदपुर : टाटा स्टील ने कोरोना वायरस को लेकर आर्थिक तौर पड़ने वाले प्रतिकूल असर को देखते हुए कई सारे कदम उठाये है. इसको देखते हुए कई सारी सुविधाओं में कटौती की गयी है जबकि कई सारे एलाउंस तक को बंद कर दिया जा रहा है. इसकी घोषणा मंगलवार को अधिकारिक तौर पर कंपनी ने अपने वेबसाइट पर जारी कर दी है. इसके तहत टाटा स्टील के ऑफिसरों को दी जाने वाली टाटा एक्जीकयूटिव होलीडे प्लान के तहत हर तरह के पैकेज को अगले आदेश तक को बंद कर दिया गया है. इसके तहत अधिकारियों को छुट्टी पर जाने पर होटल के रुम की बुकिंग व हनीमून पैकेज भी दिया जाता था, जिसको बंद कर दिया गया है. इसके तहत पहले से की गयी बुकिंग को भी रद्द कर दिया गया है. अधिकारियों को मोबाइल हैंडसेट का पैसा मिलता था, जिसको अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है. अधिकारी मोबाइल के लिए अपना आवेदन दे सकते है, लेकिन पैसा कब मिलेगा, यह तय नहीं है. सेटलिंग एलाउंस को भी तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है. सभी तरह के सेटलिंग एलाउंस को अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है. अधिकारी इसके लिए भी अपना आवेदन दे सकते है, लेकिन इसका पेमेंट अभी नहीं होगा. स्टील आइकॉन प्वाइंट को भी बंद क दिया गया है. अधिकारियों का प्रीविलेज लीव इनकैशमेंट पूरे साल 2020 तक के लिए बंद कर दिया गया है. किसी तरह का कोई ऑटो इनकैशमेंट को बंद कर दिया गया है. जो छुट्टियां बच गयी है और उन छुट्टियों को नहीं लिया गया है, उनकी छुट्टियां स्वत: समाप्त हो जायेगी. यह वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए ही लागू है. जो पुराने दावे पीएल के इनकैशमेंट का था, उसको भी तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है. टाटा स्टील के वीपी एचआरएम सुरेश दत्त त्रिपाठी के आदेश से यह बदलाव किया गया है.
टाटा स्टील में सेफ्टी एपेक्स काउंसिल की हुई बैठक
टाटा स्टील में सेफ्टी एपेक्स काउंसिल की अहम बैठक हुई. यह बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली. टाटा स्टील के वीपी सेफ्टी संजीव पॉल के स्तर पर हुई इस मीटिंग के दौरान कई तरह के मसले उठाये गये. इसके तहत टाटा स्टील प्रबंधन के समक्ष टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय ने मुद्दा उठाया कि ज्यादा से ज्यादा सैनिटाइजेशन वर्क प्लेस में होना चाहिए ताकि कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया जा सके. इस दिशा में सबको अहम कदम उठाना चाहिए. इस पर रजामंदी हुई. किस तरह बिना कुछ छुए हुए अटेंडेंस बन सकता है, इस पर भी फैसला लिया गया.






