
जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में एक वक्त था, जब काफी मंदी आयी थी और उस वक्त टाटा स्टील के एमडी डॉ जेजे ईरानी थे. उस वक्त विपरित परिस्थितियों के बीच टाटा स्टील ने कोल्ड रोलिंग मिल (सीआरएम) की स्थापना की. नये युवा कर्मचारियों की पूरी टीम के साथ सीआरएम में ही पहली बार एसोसिएट कल्चर को लाया गया और वहीं से इसकी शुरुआत हुई, जिसके 21 साल के बाद यह कंपनी का आधार स्तंभ विभाग बन चुका है. आधुनिकीकरण के अलावा, न्यू मिलेनियम में प्रवेश के लिए 24 अप्रैल 2000 को जमशेदपुर के टाटा स्टील में 16 बिलियन अत्याधुनिक कोल्ड रोलिंग मिल (सीआरएम) का व्यावसायिक परीक्षण किया गया. इस अवसर पर टाटा स्टील व टाटा ग्रुप के तत्कालीन चेयरमैन रतन टाटा और टाटा स्टील के तत्कालीन प्रबंध निदेशक डॉ जमशेद जे ईरानी समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे. रतन टाटा ने कहा कि कोल्ड रोलिंग मिल की स्थापना का विचार न केवल स्टील उद्योग की बढ़ती और विविध मांगों को पूरा करना है, बल्कि आधुनिक भारत का हिस्सा बनने के टाटा परिवार के दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ना है. भारत में जापानी राजदूत एच हीराबायशी ने इस आयोजन को भारत-जापानी सहयोग के बेहतरीन उदाहरणों में से एक माना. साढ़े छः महीने के रिकॉर्ड समय में स्थापित, 1.2 मिलियन टन का कोल्ड रोलिंग मिल दुनिया के अग्रणी स्टील निर्माता ‘निप्पॉन स्टील कॉर्पोरेशन’ और ‘हिताची कॉर्पोरेशन लिमिटेड’ के सहयोग से बनाया गया था. इसका उद्देश्य ऑटोमोटिव और मैन्युफैक्चरिंग उद्योगों, घरेलू उपकरणों, फर्नीचर और सामान्य इंजीनियरिंग घटकों की परिवर्तनशील जरूरतों को पूरा करने के लिए कोल्ड रोल्ड और कोटेड उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला का उत्पादन करना था. अपने प्रारंभिक वर्ष में संयंत्र ने 83,000 टन का उत्पादन किया और 560 लोगों को रोजगार मिला.














