जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के लिए मंगलवार का दिन थोड़ा मायूस करने वाला रहा. इसकी वजह है कि इस बार महंगाई भत्ता (डीए) घट गया है. इससे आम कर्मचारियों को 400 रुपये से लेकर 1500 रुपये प्रतिमाह तक का नुकसान होगा. इस तिमाही में महंगाई भत्ते में 0.86 प्वाइंट की कमी आई है. ऐसे में ओल्ड सीरिज के कर्मचारियों के डीए में 0.86 फीसदी की कमी आएगी. वर्तमान में ओल्ड सीरीज यानी स्टील वेज के कर्मचारियों का डीए 43.94 प्रतिशत है. न्यू सीरिज कर्मचारियों के डीए में 171 रुपए की कमी आएगी. नया डीए अप्रैल माह से प्रभावी होगा. महंगाई भत्ता वैसे तो हमेशा बढ़ता ही रहता है, लेकिन इस बार इसमें कमी आ गयी है.














