
जमशेदपुर : टाटा स्टील के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के ट्यूब डिवीजन के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के टैंक में पाये गये शव को बाहर निकाल लिया गया. करीब दो घंटे की मशक्कत और एनडीआरएफ की टीम की मदद से शव को बाहर निकाला गया. शव पूरी तरह सड़ चुका था और चार दिनों पुरानी थी. उसकी बाद में पहचान करने की कोशिश की गयी. उक्त शव की पहचान गोलमुरी निवासी मनोज ठाकुर की है. मनोज ठाकुर के बारे में बताया जाता है कि वह टाटा स्टील के ट्यूब डिवीजन में ही ठेका कर्मचारी था, जिसका गेट पास भी बना था. बताया जाता है कि 29 जून को वह ड्यूटी के लिए घर से निकला था. उसके बाद से वह लापता था. उसके लापता होने की सूचना गोलमुरी थाना को 1 जुलाई को दी गयी थी. इसके बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका पता नहीं चल पा रहा था. शनिवार को दोपहर बाद जब टाटा स्टील के ट्यूब डिवीजन में एक लाश मिली तो पुलिस ने यह जानकारी परिजनों को दी कि संभव है कि उसकी ही लाश है. इसके बाद परिवार को ले जाया गया, जिसके बाद उसकी पहचान मनोज ठाकुर के रुप में की गयी. एक आइडी कार्ड कंपनी में मिली थी, जिसमें मनोज ठाकुर लिखा हुआ है. चेहरा खराब हो चुका है, इस कारण उनके कपड़ा और जूता देखकर उनकी पहचान की गयी. दरअसल, उसका सिर और चेहरा गल चुका था, जिस कारण पहचान में दिक्कत हो रही थी. अब पुलिस यह पता लगा रही है कि यह क्या मामला है. वह व्यक्ति कंपनी गया तो फिर जब वह वापस नहीं गया तो ठेका कंपनी की ओर से क्या किया गया. इसके अलावा वह किन परिस्थितियों में टंकी में पहुंचा, यह भी जांच का विषय है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि उसके मूवमेंट का पता चल सके. यह आत्महत्या है, दुर्घटना है या हत्या, यह भी पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है.


