
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों को नये वेज रिवीजन समझौता के तहत एजुकेशन एलाउंस मिलना है. 1 सितंबर 2019 से इसको लागू किया गया है. इसके लिए कर्मचारियों को 25 मार्च 2020 तक इससे जुड़े हुए सारे दस्तावेज और जानकारी को साझा करना होगा. इसको देखते हुए टाटा स्टील के चीफ ग्रुप आइआर जुबिन पालिया ने एक लिखित इंटरनल कम्यूनिकेशन जारी किया है, जिसके तहत बताया गया है कि एजुकेशन एलाउंस सभी कर्मचारियों को 600 रुपये प्रति माह प्रति कर्मचारी के एक बच्चे को मिलना है, जो दो बच्चों की शिक्षा के लिए कंपनी की ओर से प्रदान की जायेगी. नर्सरी से लेकर बारहवीं तक की पढ़ाई करने वाले बच्चों की पढ़ाई के लिए यह एलाउंस दिया जायेगा टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट के अलावा ट्यूब डिवीजन, टिस्को ग्रोथ शॉप के कर्मचारियों को यह लाभ दिया जाना है. इसके तहत कर्मचारियों को बच्चों के शिक्षा का सारा प्रमाण दिया जाना है, जिसके तहत इनकम टैक्स में छूट का लाभ भी मिल सकता है. एजुकेशन एलाउंस की राशि साल में एक बार मार्च का वेतन जो अप्रैल माह में मिला करेगा, उस समय भुगतान किया जायेगा. इसके लिए टाटा स्टील की ओर से दस्तावेज जमा करने के लिए एक मोबाइल एप्लीकेशन तैयार किया गया है.

इसके तहत मार्च 2020 से सारे कर्मचारियों को एजुकेशन एलाउंस मिल जाया करेगा जबकि 1 सितुबर 2019 से लेकर मार्च 2020 तक का एरियर का राशि भी भुगतान किया जायेगा. इसके लिए तैयार मोबाइल एप्लीकेशन (एप) को 2 मार्च 2020 को लांच किया जायेगा. इसके तहत कर्मचारियों को बच्चों के जन्म का प्रमाण, स्कूल फीस या एडमिशन का परचा ऑनलाइन मोबाइल एप के जरिये ही जमा करना होगा या फिर डेस्कटॉप या कियोस्क के जरिये इसको जमा करना होगा. 25 मार्च 2020 तक इसको जमा कर देना होगा. जो दस्तावेज कर्मचारी जमा करेंगे, वह क्लास 12वीं तक जमा रहेगा. अगर कोई बच्चा बीच में ही पढ़ाई छोड़ देता है या फिर किसी तरह का बदलाव होता है तो उसको भी मोबाइल एप पर सारे दस्तावेज जमा करना होगा. अगर दस्तावएज जमा नहीं किया गया और एजुकेशन एलाउंस बिना जानकारी के लिया गया तो इसके तहत कंपनी के नियम के मुताबिक कार्रवाई की जायेगी. सारे कर्मचारियों को कहा गया है कि 25 मार्च तक सारे जरूरी दस्तावेज को जमा करा दें ताकि समय पर एजुकेशन एलाउंस की राशि का भुगतान किया जा सके.













