
संतोष वर्मा
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ालगिया जैसे बीहड़ क्षेत्र में पहली बार सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा की पहल पर गुरुवार को किया गया, जिसे प्रशासन ने सफल बनाया. सरकार आपके द्वार कार्यक्रम विशेष रूप से खूंटपानी प्रखंड से सदर प्रखंड में शामिल किए गए पंडावीर, बरकेला व बड़ालगिया पंचायत के लिए था. अस्तित्वविहीन उक्त तीनों पंचायतों को सदर प्रखंड में शामिल कराने में विधायक दीपक बिरुवा की अहम भूमिका रही. सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाया गया था, जहां ग्रामीणों ने योजनाओं संबंधित आवेदन दिया, वहीं अपनी समस्याओं को दूर भी किया. पहली दफा ऐसा आयोजन पर ग्रामीणों में हर्ष था कि अपने गांव-क्षेत्र में ही विभागीय समस्याओं का निदान हुआ.

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के प्रति ऐसे आयोजन के लिए आभार भी जताया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक दीपक बिरुवा, विशिष्ट अतिथि सदर एसडीओ परितोष कुमार ठाकुर, एसडीपीओ अमर पांडेय, जिप सदस्य बानगी बानरा, खूंटपानी बीडीओ सुशीला खालखो, सीओ, मुफ्फसिल थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि पंडावीर, बड़ालगिया और बरकेला पंचायत भौगोलिक दृष्टिकोण से अपने अस्तित्व में नहीं थी. ग्रामीणों को समस्याओं से जूझना पड़ रहा था. अब उक्त तीनों पंचायत सदर प्रखंड में शामिल हो गया है. जल्द ही कागजात दस्तावेज भी सदर प्रखंड में उपलब्ध होंगे. लोगों की हर समस्याओं का समाधान होगा. विधायक ने सभी ग्रामीणों से इस कार्यक्रम का लाभ उठाने का आह्वान किया. सदर एसडीओ परितोष कुमार ठाकुर ने कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य है कि विभागों द्वारा योजना की जानकारी लोगों को देना और लाभान्वित करना. इस मौके पर विभिन्न लाभुकों के बीच विधायक के हाथों परिसंपत्तियों का वितरण किया गया. अतिथियों ने विभागों द्वारा लगाए गए स्टाल का अवलोकन भी किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में खूंटपानी प्रखंड अधिकारियों व कर्मियों की अहम भूमिका रही.







