जमशेदपुर : टाटा स्टील के पीएफ ट्रस्ट में होने के कारण यहां के कर्मचारियों को इपीएस 95 के तहत हायर पेंशन स्कीम से वंचित कर दिया गया है. इस मसले को लेकर टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु और उनकी टीम लगातार सक्रिय है. इस कड़ी में पहले यूनियन की ओर से केंद्र सरकार के पास एक रिप्रेजेंटेशन दिया गया था. इस रिप्रेजेंटेशन के बाद केंद्र सरकार की इपीएफओ की डिप्टी चीफ पेंशन कमीश्नर ने गुरुवार को टाटा स्टील मैनेजमेंट और यूनियन के पदाधिकारियों को मीटिंग के लिए बुलाया. गुरुवार को इसको लेकर मीटिंग हुई. (नीचे भी पढे)
मैनेजमेंट और यूनियन की ओर से टाटा स्टील के ट्रस्ट और इपीएस 95 के तहत कर्मचारियों को क्यों हायर पेंशन स्कीम के तहत लाभ मिलना चाहिए, इसका प्रेजेंटेशन दिया गया. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह और टाटा स्टील के चीफ एकाउंट अवनिश अरुण ने संयुक्त रुप से यहां अपनी बातों को रखा और कहा कि कर्मचारियों को हर हाल में उनका हक मिलना चाहिए और हायर पेंशन स्कीम मिलना चाहिए. इपीएफओ की डिप्टी चीफ पेंशन कमीश्नर ने पहले टाटा स्टील के प्रोविडेंट फंड नियमों के कुछ पहलुओं पर कुछ स्पष्टीकरण मांगा था. टाटा वर्कर्स यूनियन और प्रबंधन टीम ने इपीएफओ विभागके समक्ष मामला प्रस्तुत किया. इस वार्ता के बाद यह कहा गया है कि वे लोग इस मसले को लेकर सरकार के स्तर पर आंतरिक रुप से चर्चा करने के बाद फिर से जवाब देंगे. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने कहा है कि कर्मचारियों के हित को लेकर हम लोगों ने केंद्र सरकार के ऊपर दबाव बनाया है. अधिकारियों ने काफी बेहतर रिस्पांस दिया है और बेहतर रिजल्ट आने की उम्मीद है.











