
जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर, कलिंगानगर और रॉ मैटेरियल डिवीजन के कर्मचारियों के लिए इवनिंग डिप्लोमा कोर्स के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया है. कोरोना काल में यह कोर्स नहीं हो पाया था. करीब एक साल के अंतर के बाद यह आवेदन निकाला गया है. इसके तहत जमशेदपुर के टाटा स्टील वर्क्स, टाटा स्टील के ग्रोथ शॉप और ट्यूब डिवीजन के लिए आवेदन आमंत्रित किये गये है. इसके तहत मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और मैटलर्जी के लिए तीन साल की ट्रेनिंग के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया है, जिसके लिए 35 लोगों का चयन होना है. तीन साल का गैर आवासीय सर्टिफिकेट कोर्स होगा, जिसका क्लास बिष्टुपुर स्थित एसएनटीआइ में होगा या फिर जरूरत हुआ तो ऑनलाइन क्लास भी होगा. इ-लर्निंग के जरिये भी इसके कुछ हिस्सों की पढ़ाई करायी जायेगी. सोमवार से शनिवार तक इसका क्लास कराया जायेगा, जो शाम 5.30 बजे से रात 9 बजे तक संचालित होगा. इसके लिए आवेदन देने वाले कर्मचारी इंग्लिश, साइंस और मैथ्स में मैट्रिक पास होना जरूरी है. इसके अलावा 1 दिसंबर 2021 का ट्रेड अप्रेंटिस का चार साल तक का अनुभव होना चाहिए जबकि बिना ट्रेड अप्रेंटिस वालों का छह साल तक का अनुभव होना चाहिए. आवेदक की उम्र 1 दिसंबर 2021 तक 45 साल या उससे नीचे का होना चाहिए. इस ट्रेनिंग करने वाले को कम से कम 75 फीसदी हाजिरी होना जरूरी है. इसकी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद कर्मचारियों को मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल व मेटलर्जी में डिप्लोमा होल्डर मानते हुए कंपनी के भीतर प्रोमोशन में भी मदद मिलेगी और उनका क्वालिफिकेशन बढ़ जायेगा. प्रोमोशन के लिए होने वाली परीक्षा या अन्य तरह की प्रतिस्पर्धा में वे लोग भाग ले सकेंगे. इसकी ट्रेनिंग समाप्त होने के बाद सभी को सर्टिफिकेट प्रदान किया जायेगा. इसके आवेदनों की समीक्षा करने के बाद लिखित परीक्षा और इंटरव्यू भी होगा. लिखित परीक्षा में मैट्रिक लेवल के सवाल पूछे जायेंगे, जो इंग्लिश, मैथ्स, साइंस, टीक्यूएम और सेफ्टी से संबंधित सवाल होंगे. इसके लिए आवेदन 24 अक्टूबर तक जमा किये जा सकते है.








