
जमशेदपुर : टाटा स्टील में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए कर्मचारियों में संक्रमण कम से कम फैले, इसके लिए नये कदम उठाये गये है. टाटा स्टील की वीपी एचआरएम अतरई सरकार ने स्थायी कर्मचारियों के जेनरल शिफ्ट के समय को बदला है जबकि दो समय में कर्मचारियों को बुलाने को कहा गया है. इसके अलावा ठेका मजदूरों के ए, बी और सी शिफ्ट के साथ-साथ जेनरल शिफ्ट के कर्मचारियों के भी समय को बदल दिया गया है ताकि कंपनी के इंट्री प्वाइंट में आने जाने के वक्त कर्मचारियों की अनावश्यक भीड़ ना लगे और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो सके. टाटा स्टील के स्टील वर्क्स, सीआरएम बारा और टयूब डिवीजन के चीफ और एचओडी को यह सुनिश्च कराने को कहा गया है कि ड्यूटी जाने और आते वक्त जेनरल शिफ्ट में लोगों की भीड़ ना लगे. वैसे कर्मचारी जो अभी जेनरल शिफ्ट में सुबह 8 बजे से शाम पांच बजे तक ड्यूटी करते है, उनको दो ग्रुप में बांटने को कहा गया है, जिसका समय अलग-अलग रहेगा. सभी चीफ और एचओडी को कर्मचारियों का ग्रुप बनाकर ड्यूटी में बुलाने को कहा गया है. इसके तहत ग्रुप एक में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक कर्मचारियों को काम पर बुलाया जायेगा जबकि दूसरे ग्रुप का समय सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा. ए, बी और सी शिफ्ट में आने वाले कर्मचारी अपने नियत समय पर ही आना जाना करेंगे. चूंकि, जेनरल शिफ्ट में ज्यादा स्थायी कर्मचारी और अधिकारी आते है, इस कारण यह कदम उठाया गया है. इस नये समय को 21 अप्रैल से अगले आदेश तक लागू करने को कहा गया है. इस तरह सारे वेंडर और कांट्रैक्ट (ठेका) कर्मचारियों का समय भी निर्धारित किया गया है. इसके ए शिफ्ट के ठेका कर्मचारियों को सुबह 6.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक का काम का समय दिया गया है जबकि बी शिफ्ट का समय दोपहर 2.30 बजे से रात 10.30 बजे तक और सी शिफ्ट वाले ठेका कर्मचारियों का समय रात 10.30 बजे से लेकर सुबह 6.30 बजे तक का तय किया गया है. जेनरल शिफ्ट की ड्यूटी पर आने वाले ठेक कर्मचारियों को भी दो समय दिया गया है. एक ग्रुप में कर्मचारी सुबह 7.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक काम करेंगे जबकि दूसरे ग्रुप के जेनरल शिफ्ट में काम करने वाले ठेका कर्मचारियों के काम का समय सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक होगा. इसके भी नये समय को 21 अप्रैल से लागू कर दिया गया है, जो अगले आदेश तक रहेगा. ठेकेदारों के साथ मिलकर सारे चीफ और एचओडी को बात करने को कहा गया है.











