
जमशेदपुर : पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और पूर्व मंत्री सरयू राय के बीच की दूरियां और दुश्मनी कोई नयी बात नहीं है. लेकिन सोमवार को इस विवाद का दो चेहरा देखने को मिला. सरयू राय कोरोना पोजिटिव पाये गये तो उनके स्वस्थ्य होने की कामना केंद्र सरकार के मंत्री अर्जुन मुंडा समेत तमाम नेताओं ने किया. लेकिन सबसे ज्यादा चौकाया एक ट्विट में, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सरयू राय के ठीक होने की कामना की. रघुवर दास ने उनके ट्विटर हैंडल पर ही लिखा है ईश्वर से आपके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते है. इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में हुए लौह अयस्क घोटाला पर सरयू राय ने और कदम आगे बढ़ाये है. झारखंड सरकार में शासन की सर्वोच्च व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर करने वाली विधायक सरयू राय की तथ्य आधारित पुस्तक “लम्हों की ख़ता” जुलाई 2020 में प्रकाशित हुई थी. मेनहर्ट नियुक्ति घोटाला के बारे में पुस्तक में वर्णित भ्रष्टाचार के एक भी बिन्दु का खंडन किसी ने नहीं किया. इस पुस्तक में वर्णित भ्रष्टाचार की घटनाओं की जाँच झारखंड सरकार की संस्था एसीबी यानी एंटी करप्शन ब्यूरो कर रही है. अप्रैल 2021 में रामनवमी के दिन सरयू राय की दूसरी पुस्तक प्रकाशित होने जा रही है. यह पुस्तक झारखंड में विगत 5 वर्षों में हुये लौह अयस्क घोटाला के बारे में है. पुस्तक का प्रकाशन पूर्व की भांति नेचर फ़ाउंडेशन, रांची और मुद्रण झारखंड प्रिंटर्स, जमशेदपुर द्वारा किया जा रहा है. रामनवमी, 21 अप्रैल को प्रकाशित हो रही 192 पृष्ठों की क़ीमत 200 रुपये रखा गया है. ऑनलाइन खरीददारों को पुस्तक मात्र 100 रुपये में उपलब्ध होगी. पुस्तक का मुख पृष्ठ एवं बैक पृष्ठ लोगों अवलोकनार्थ सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किया जा रहा है. उम्मीद है कि जिस तरह आपने “लम्हों की ख़ता” को हाथों हाथ लिया था वैसे ही यह पुस्तक भी आपके लिये रुचिकर एवं उपयोगी साबित होगी और सरकार के शीर्ष पर आसीन किरदारों के असली षड्यंत्रकारी चेहरों से आपको अवगत करायेगी.













