जमशेदपुर: टाटा स्टील के कलिंगानगर प्लांट में हुए हादसे में नौ मजदूर घायल हुए है. इन घायलों का इलाज ओडिशा के टाटा मेडिकल अस्पताल में चल रहा है. इसको लेकर कंपनी की ओर से जानकारी साझा की गयी है, जिसमें बताया गया है कि शुक्रवार की सुबह लगभग 11:30 बजे टाटा स्टील कलिंगानगर के स्टील मेल्टिंग शॉप में एक दुर्घटना हुई. इसमें नौ लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत टाटा स्टील मेडिका अस्पताल ले जाया गया. (नीचे भी पढ़े)
इनमें से एक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. चिकित्सा टीम घायलों का पूरा ध्यान रख रही है और पुष्टि की गई है कि सभी अब खतरे से बाहर हैं. कंपनी ने बताया है कि प्रभावित व्यक्तियों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और उनकी सुरक्षा व भलाई सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. इस घटना की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों और घायलों के परिवारजनों को दे दी गई है. घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई है और आंतरिक जांच जारी है. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. कंपनी ने अपील की है कि सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ी झूठे वीडियो कंटेंट पर विश्वास न करें और अफवाहों से बचें. एक जिम्मेदार कारपोरेट के रूप में, हमारे कर्मचारियों और सभी हितधारकों की सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.



