
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अनुषंगी कंपनी टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट्स (अधिग्रहित उषा मार्टिन) की गम्हरिया प्लांट के लिए ट्रेड अप्रेंटिस की बहाली निकाली है. ट्रेड अप्रेंटिस की बहाली फिटर, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और इंस्ट्रूमेंटेशन के साथ-साथ वेल्डर ऑफ फरनेस ऑपरेशन के लिए निकाला गया है. इन सारे फील्ड में आईटीआई और डिप्लोमा करने वाले इसके लिए आवेदन जमा कर सकते हैं. 1 साल के लिए यह बहाली निकाली गई है. बहाली के लिए आवेदन देने वालों के लिए योग्यता तय की गई है, जिसमें सामान्य कोटि के उम्मीदवार 70 फ़ीसदी अंकों के साथ आईटीआई डिप्लोमा करने वाले अपना आवेदन दे सकते हैं. महिलाओं के अलावा इस बार कर्मचारियों के बच्चे और एससी-एसटी के साथ-साथ ट्रांसजेंडर के लिए अंकों में 60 फ़ीसदी अनिवार्यता तय की गई है यानी इस कैटेगरी में करीब 10 फ़ीसदी का छूट दी गई. चयनित लोगों की बहाली कंपनी में होगी. इसके लिए उम्र सीमा तय की गई है, जिसके तहत आवेदक का जन्म 1 अप्रैल 1997 से लेकर 1 अप्रैल 2004 के बीच हुआ होना चाहिए. उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और पर्सनल इंटरव्यू के बाद मेडिकल जांच के बाद ही किया जाएगा. आवेदन 31 जुलाई तक लोग कर सकते हैं. आवेदन के लिए आवेदक www.tatasteellp.com पर भेज सकते हैं.




