
(अन्नी अमृता) जमशेदपुर : जमशेदपुर में चेन छिननेवाले गिरोह का आतंक जारी है. मंगलवार की अहले सुबह कदमा थाना क्षेत्र के कदमा सोनारी लिंक रोड पर सुबह 5.30 बजे मार्निंग वाक पर निकली. सोनारी की 40 वर्षीय महिला से मोटरसाईकल सवार दो युवकों ने चेन छीन लिया. इस आपाधापी में महिला ने किसी तरह खुद को गिरने से बचाया और घबराकर रोने लगी. घटना कदमा-सोनारी लिंक रोड पर प्रोफेशनल फ्लैट के पास हुई. आसपास टहल रहे लोग पहुंचे और महिला को सांत्वना दिया. पास ही साईक्लिंग कर रहे अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि लोग टहलने, साईकल चलाने में व्यस्त थे कि अचानक तेजी से यह घटना घटी. जब तक लोग महिला की मदद के लिए दौड़े, चेन छीनने वाले तेजी से भाग निकले. उनलोगों ने हेलमेट नहीं पहना था. बाईक पर पीछे बैठा युवक लाल शर्ट पहना था और वे लोग कांड को अंजाम देकर सोनारी, सर्किट हाऊस एरिया की तरफ भाग निकले. महिला रोते हुए घर चली गई. जाते जाते उसने कहा कि वह पति के साथ जाकर थाने में शिकायत करेगी. वहीं अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने बताया कि प्रोफेशनल फ्लैट के पास न तो टाटा स्टील का गार्ड दिखता है और न ही और कदमा सोनारी लिंक रोड पर पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी नज़र आती है. नतीजतन अपराधियों के हौसले बुलंद हैं.






