जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम के सर्वांगीण विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान मानगो क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई एवं सहमति बनी. बैठक में कई बिंदुओं पर सहमति बनी. इसके तहत सुरक्षित मानगो अभियान के तहत मानगो के विभिन्न चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों का अधिस्थापन एवं आधुनिक मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित किया जाएगा जिससे अपराध पर नियंत्रण हो सकें. (नीचे भी पढ़े)

मानगो चौक से डिमना चौक तक मुख्य सड़कों पर नाली निर्माण एवं नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे जलजमाव की समस्या का समाधान हो सके. ग्रीन मानगो बनाने की पहल पर मेयर मानगो सुधा गुप्ता पृथ्वी पार्क एवं नेचर पार्क का सौंदर्यीकरण होगा तथा दोनों जगह ओपन जिम का निर्माण अब टाटा स्टील के सहयोग से किया जाएगा. डिमना चौक के आगे नगर निगम द्वारा प्रस्तावित वेंडर जोन के निर्माण में सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे स्थानीय व्यापारियों को सुव्यवस्थित स्थान मिल सकेगा और मानगो के गरीब और छोटे दुकानदारों को एक जगह एकत्रित होकर कार्य करने का मौका मिलेगा, इससे समय की भी बचत होगी और ट्रैफिक व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी. यह भी सहमति बनी एमजीएम अस्पताल के समीप स्थित खाली भूमि पर पार्क निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे ताकि सुंदर मानगो के सपनों को साकार किया जा सकें. (नीचे भी पढ़े)
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से रोजगार उन्मुख कार्ययोजना तैयार की जाएगी, इससे मानगो की महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जायेगा और महिलाओं के विकास पर कार्य होगी. कांग्रेस कार्यालय के निर्माण में आ रही तकनीकी एवं अन्य बाधाओं को दूर करने पर भी सहमति बनी. सहमति बनी कि मानगो छोटा पूल का मरम्मतकरण का कार्य टाटा स्टील करेगी. एमजीएम चौक से गोकुल नगर और डिमना के तटीय इलाकों में सेंट्रल बर्ज बनाकर सौंदर्यकरण किया जाए, तथा सड़क और नाली निर्माण का कार्य कर उसके साफ सफाई और सौंदर्यकरण की जिम्मेदारी का कार्य भी टाटा स्टील करेगी. मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि टाटा स्टील का सहयोग मानगो को एक व्यवस्थित, सुरक्षित एवं आधुनिक शहरी क्षेत्र बनाने में मील का पत्थर साबित होगा. उन्होंने कहा कि नगर निगम सीमित संसाधनों में कार्य कर रहा है, ऐसे में कॉर्पोरेट सहयोग से विकास कार्यों को गति मिलेगी. (नीचे भी पढ़े)
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी इस पहल को मानगो के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और आशा व्यक्त की कि सभी योजनाएं शीघ्र धरातल पर उतरेंगी, मानगो नगर निगम आने वाले समय में जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा. इस अवसर पर प्रबंध निदेशक टी वी नरेन्द्रन, टाटा स्टील के वीपी सीएस डी बी सुंदरा रमम के साथ अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.







