जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के मदनाबेड़ा गांव में सोमवार दोपहर निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया. पुराने कच्चे मकान को हटाने के दौरान दीवार का मलबा गिरने से एक महिला रसना धीवर गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजनों के अनुसार, परिवार अबुआ आवास योजना के तहत नए घर के निर्माण कार्य में जुटा था. निर्माण शुरू करने से पहले पुराने कच्चे मकान की दीवार तोड़ी जा रही थी. इसी दौरान अचानक दीवार का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में वहां मौजूद रसना धीवर आ गई. मलबे में दबने से उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद परिवार के लोग तत्काल उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)
अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि दुर्घटना में महिला के पैर की हड्डी टूट गई है. फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है. घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मची रही. स्थानीय लोगों ने भी निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत बताई.







