जमशेदपुर : टाटा स्टील के एमडी सह ग्लोबल सीइओ टीवी नरेंद्रन ने टाटा स्टील में होने वाले रोजगार और नौकरियों को लेकर नयी पॉलिसी अपनाने की बात कहीं है. उन्होंने जमशेदपुर आइ अस्पताल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा है कि टाटा स्टील को भविष्य के लिए तैयार रहना होगा. इसके लिए टाटा स्टील लगातार काम कर रही है. उन्होंने बताया कि इसको लेकर यूनियन से लगातार चर्चा की जाती है और यूनियन भी भविष्य को लेकर काफी साथ देती आयी है और आने वाले दिनों में भी देगी. टाटा स्टील के एमडी ने बताया कि पहले टाटा स्टील सिर्फ जमशेदपुर में था. अब टाटा स्टील देश के कई हिस्सो में है. दुनिया में भी पांव जमा रहा है. लेकिन भारत में कई लोकेशन में प्लांट है. ऐसे में टाटा स्टील को चाहिए कि कई पीढ़ियों तक टाटा स्टील को बेहतर तरीके से संचालित की जाये जैसे 100 साल तक चला है, वैसे आने वाले 100 साल तक चले. इसके लिए जरूरी है कि कुछ बदलाव किया जाये. रोजगार की नयी नीति को लेकर अब तक कोई फैसला नहीं हुआ है, लेकिन यूनियन से इस बारे में बातचीत जरूर हुई है. आने वाली पीढ़ियों के लिए टाटा स्टील को तैयार करना है. उसके लिए हम लोग कोशिश कर रहे है. देश के स्तर पर कैसे समेकित तौर पर बहाली की जा सकती है, उन विषयों पर भी बातचीत की जा रही है ताकि पीढ़ी दर पीढ़ी मजबूत हो सके.
टाटा स्टील का प्रदर्शन काफी बेहतर है, चुनौतियों को लेकर सामना करना होगा
टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने कहा कि टाटा स्टील के लिए प्रथम तिमाही काफी बेहतर रहा है. लेकिन आने वाले दिनों में कुछ चुनौतियां आ सकती है. महंगाई का भी असर हो सकता है. लेकिन भारतीय अर्थव्यवस्था बेहतर तरीके से काम कर रही है. लगातार संसाधन के विकास पर केंद्र सरकार काम कर रही है. उसका लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि यह उम्मीद है कि जो एक्सपोर्ट ड्यूटी सरकार ने लगाया है, उस ड्यूटी को सरकार वापस ले लेगी. इसके लिए टाटा स्टील ने भी आग्रह किया है और सारे कंपनियों ने भी आग्रह किया है. सरकार इस पर जरूर कदम उठायेगी, ऐसी उम्मीद हमको जरूर है.






