
जमशेदपुर : नैतिक व्यापार अभ्यासों को परिभाषित और प्रोत्साहित करने वाली विश्व की अग्रणी संस्था ‘एथिस्फेयर इंस्टीट्यूट’ ने टाटा स्टील को वर्ष 2020 के लिए विश्व की ‘मोस्ट एथिकल कंपनी’ (सर्वाधिक नैतिक कंपनी) का सम्मान दिया है. कंपनी को यह सम्मान नौवीं बार दिया गया है. एथिस्फेयर ने 2020 में 21 देशों और 51 उद्योगों की 128 कंपनियों को सम्मानित किया है. टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने इस पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि विश्व की सर्वाधिक नैतिक कंपनियों में से एक के रूप में एक बार फिर मान्यता मिलना हमारे लिए गर्व की बात है. यह सम्मान हमें टाटा समूह के दूरदर्शी संस्थापक नेतृत्वकर्ताओं द्वारा प्रचलित मूल्यों और संचालन सिद्घांतों के प्रति प्रतिबद्घ रहने के लिए प्रोत्साहित करता है. ‘टाटा’ का नाम भारत और विदेशों में हमारे लाखों स्टेकहोल्डरों में विश्वास, विश्वसनीयता और अखंडता की भावना पैदा करता है. इस विरासत का हिस्सा होना और इस नींव पर आगे का निर्माण करना एक सौभाग्य है, जो वर्षो के दौरान हमारे नैतिक आचरण के मायम से बड़ी शिद्घत से हासिल की गई है. एथिस्फेयर के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर टिमोथी एलिच ने कहा, ’’यह सम्मान अर्जित करने के लिए मैं टाटा स्टील में सभी को बधाई देता हूं. यह ईमानदारी द्वारा परिभाषित कारपोरेट संस्कृतियों को आगे बढ़ाने के लिए काम करने वाले लीडरों को मान्यता देने और व्यापक सामाजिक अनिवार्यताओं में कंपनियों के योगदान एवं उनके अधिक अच्छे कार्य की पुष्टि करने का क्षण है. 2020 में वर्ल्ड की ‘मोस्ट एथिकल कंपनी’ का गौरव हासिल करने वाली कंपनियों को 31 मार्च 2020 को न्यूयॉर्क में एथिस्फेयर के ‘वर्ल्ड मोस्ट एथिकल कंपनीज ऑनेरी गाला डिनर’ में सम्मानित किया जाएगा.






