
संतोष वर्मा
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित जेटेया थाना क्षेत्र से चार साल की बच्ची का शव बरामद किया गया है. उसका शव जेटेया थाना क्षेत्र के ही बाबड़िया गांव के जंगल से बरामद किया गया है. उक्त बच्ची को गांव के ही एक युवक द्वारा चार दिनों पहले अपहरण कर लिया गया था, जिसका शव बुधवार की सुबह पुलिस ने बरामद की है. इस मामले में बच्ची के अपहरण होने की सूचना जेटेया थाना में बच्ची के पिता दोनो टोपनो ने दर्ज करायी थी. इस सबंध में मिली सूचना के अनुसार करीब चार दिनों पूर्व जेटेया पंचायत के बाबड़िया गांव के दोनो टोपनो की चार साल की बच्ची का गांव के ही रहने वाले 25 वर्षीय युवक रावण लागुरी द्वारा अगवा कर लिया गया था. बच्ची के पिता और परिजन द्वारा बच्ची की काफी खोजबीन की गयी, लेकिन वह नहीं मिली, जिसके बाद बच्ची के पिता द्वारा जेटेया थाना में रावण लागुरी के विरूद्व अपहरण करने का नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी. बुधवार की सुबह जब गांव के ही चरवाहा गाय चराने के लिए बाबड़िया जंगल की ओर गये तो चरवाहा को बदबु आने लगी. इसके बाद चरवाहा ने देखा कि एक बच्ची का लाश पड़ा हुआ है. इसके बाद इसकी सूचना जेटेया पुलिस को दी गयी, जिसके बाद जेटेया थाना प्रभारी सहदेव टोप्पो द्वारा जिला मुख्यालय से अतिरिक्त फोर्स की मांग की गयी और जिला से फोर्स आने के बाद लाश को लाने के लिए घटनास्थल के लिए रवाना हुए. बताया जाता है कि रावण लागुरी पहले भी दोनो टोपनो के एक बच्चे का पहले भी अपहरण कर चुका है और िस तरह की घटना को अंजाम दे चुका है, जिस कारण रावण लागुरी पर पिता को शक हुआ. बच्ची चार साल की थी और जामजुई स्कूल में पढ़ाई करने अपनी बड़ी बहन के साथ जाती थी. इस दौरान ही अपहरण कर लिया गया था. पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है.







