
जमशेदपुर : टाटा स्टील के मैट्रिक पास 500 कर्मचारी पुत्रों, पुत्रियों, दामाद और बहु की बहाली के लिए लंबित परीक्षा अब 6 मार्च 2022 रविवार को होगा. इसको लेकर सारे आवेदकों को इ-मेल के जरिये जानकारी मैनेजमेंट की ओर से दे दी गयी है. आपको बता दें कि पहले यह परीक्षा 9 जनवरी 2022 को होनी थी, लेकिन कोरोना के कारण इस परीक्षा को रोक दिया गया था. अब नये सिरे से इ-मेल भेजकर बताया गया है कि यह परीक्षा 6 मार्च को आयोजित होगी. इसमें यह भी बताया गया है कि जो पूर्व में 9 जनवरी के लिए एडमिट कार्ड दिया गया था, वहीं एडमिट कार्ड वैद्य (वैलिड) माना जायेगा और उसी से परीक्षा केंद्र पर इंट्री दी जायेगी. परीक्षा सेंटर को भी वहीं रखा गया है, जो पहले भेजा गया था. परीक्षा केंद्रों में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है. जो नियम पहले दिया गया था, वह नियम का पालन करने को कहा गया है. अगर आवेदकों को किसी तरह की कोई दिक्कत होती है तो वे लोग टाटा स्टील के इंप्लायमेंट ब्यूरो के फोन नंबर 0657-6645440 पर 25 फरवरी के पहले संपर्क कर सकते है.
7800 लोगों ने किया है 500 भर्ती के लिए आवेदन, यह होगा बहाली का पैमाना
टाटा स्टील द्वारा कर्मचारियों के बच्चों की बहाली के लिए आवेदन आमंत्रित किये थे. ये आवेदन मैट्रिक पास लड़के-लड़कियों के लिए मंगाये गये थे, जिसके लिए करीब 7800 आवेदन आ चुके थे. इसको लेकर काफी लंबे समय से कोरोना के कारण परीक्षा नहीं हो पा रही थी. दिसंबर माह में जमशेदपुर प्रशासन ने कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए एक सेंटर में 500 आवेदकों को बैठाकर परीक्षा लेने की इजाजत दी थी. इसके लिए जमशेदपुर में 16 सेंटर बनाये गये थे और 9 जनवरी परीक्षा की तिथि निर्धारित की गयी थी. लेकिन कोरोना के कारण रोक दिया गया था. अब फिर से परीक्षा उसी नियम से होगी, जैसे पहले नियम लगाया गया था.
यह होगी परीक्षा, ऐसे होगी बहाली
दो घंटे की इस परीक्षा में 100 सवाल पूछे जायेंगे. लिखित परीक्षा और मेडिकल टेस्ट के बाद मेरिट के आधार पर रिजल्ट निकाला जायेगा, जिसके तहत सूची से पहले साल प्रथम वरीयता के आधार पर 175, दूसरे साल में वरीयता के आधार पर 175 और तीसरे साल में 150 चयनित कर्मचारियों के बच्चों को ट्रेनिंग के बाद बहाल की जाएगी. इसके तहत 8778 रुपये छात्रवृति ट्रेनिंग के दौरान देने की बात कहीं गयी है.
10 साल के बाद निकली है ऐसी बहाली
कर्मचारियों के मैट्रिक पास बच्चों के लिए 2011 के बाद करीब 10 साल बाद यह बहाली निकली गयी थी, जिसके लिए इतने आवेदन भी आये, लेकिन परीक्षा नही हो पा रहा था. अब फिर से नयी तिथि 6 मार्च तय की गयी है. एक केंद्र में क्षमता के अनुरुप परीक्षार्थियों को परीक्षा दिलाया जायेगा. कोरोना का पूरा गाइडलाइन का पालन कराया जायेगा.





