
जमशेदपुर : टाटा स्टील के सिंटर प्लांट के इंसेंटिव बोनस (आइबी) को लेकर किसी तरह का कोई स्थायी हल नहीं निकल पाया है. बुधवार को यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय के साथ ही सिंटर प्लांट एरिया को देखने वाले उपाध्यक्ष शहनवाज आलम और सहायक सचिव कमलेश सिंह की मौजूदगी में कमेटी मेंबरों की मीटिंग हुई. इस मीटिंग में सारे दस कमेटी मेंबर थे. यहां यह बताया गया कि सिंटर प्लांट के सारे सेक्शन का आइबी फ्रीज है. आइबी फ्रीज होने से पुराने सेक्शन एसपी 1, एसपी 2 और आरएमबीबी 1 में नुकसान हो रहा है जबकि नये सेक्शन एसपी 3, एसपी 4 और आरएमबीबी 2 में बेहतर लाभ कर्मचारियों को हो रहा है. इस दौरान यूनियन के अध्यक्ष ने कहा कि एक कॉमन आइबी को बनाया जाना चाहिए जिस तरह से कोक प्लांट समेत अन्य विभागों में आइबी का कॉमन फैसला हुआ है. इस पर कमेटी मेंबरों ने विरोध किया और कहा कि इस तरह से तो काफी नुकसान कर्मचारियों को हो जायेगा तो कई लोगों को लाभ भी हो सकता है. इसके बाद तय हुआ कि नये सिरे से सारे मुद्दों पर फिर से बातचीत कर कोई न कोई रास्ता निकाला जायेगा.



