जमशेदपुर : जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इंटर जेडीसी कैरम टूर्नामेंट 2025 का आज गरिमामय समापन हुआ. यह प्रतियोगिता 26 मई से 29 मई तक चली, जिसमें टाटा स्टील के विभिन्न विभागों से बड़ी संख्या में पुरुष और महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने रणनीति, धैर्य और मानसिक संतुलन का शानदार प्रदर्शन किया. पूरे आयोजन के दौरान कर्मचारियों में भारी उत्साह देखने को मिला, जिससे कार्यस्थल पर सकारात्मक ऊर्जा और आपसी सहयोग की भावना और सशक्त हुई. पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान ब्लास्ट फर्नेस ने प्राप्त किया, द्वितीय स्थान हॉट स्ट्रिप मिल को मिला और तृतीय स्थान पर एसएमडी की टीम रही. वहीं, महिला वर्ग में सिक्योरिटी विभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, एलडी 3 एवं टीएससीआर की टीम ने दूसरा स्थान पाया और सप्लाई चेन विभाग की टीम तीसरे स्थान पर रही. (नीचे भी पढ़ें)
समापन समारोह में स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट के चीफ मुकुल विनायक चौधरी, उपाध्यक्ष टाटा वर्कर्स यूनियन संजय सिंह और स्पोर्ट्स हेड विभूति अधेशरा उपस्थित रहीं. इन गणमान्य व्यक्तियों ने विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान किए और अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन कार्यस्थल पर न केवल मनोबल और टीम भावना को मजबूत करते हैं, बल्कि कर्मचारियों की फिटनेस और मानसिक सजगता के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं. टूर्नामेंट के सफल आयोजन में मैनेजर स्पोर्ट्स अनन्या लीपी, बंसीधर महतो, पूनम कुमारी, रेनू भदौरिया और तिलक राम का विशेष योगदान रहा. इंटर जेडीसी कैरम टूर्नामेंट 2025 ने एक बार फिर यह साबित किया कि टाटा स्टील अपने कर्मचारियों के लिए न केवल एक श्रेष्ठ कार्यस्थल है, बल्कि एक ऐसा मंच भी है जहाँ खेल और स्वास्थ्य को समान महत्व दिया जाता है.



