
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अनुषंगी कंपनी प्लांट टिस्को ग्रोथ शॉप (टीजीएस) गम्हरिया में भी पेट्रोल और वेहिकल एलाउंस (कंवियेंस एलाउंस) को लागू कर दिया गया. इसको लेकर एक समझौता पर हस्ताक्षर किया गया. समझौता पर हस्ताक्षर करने वालों में टाटा स्टील के वीपी टीक्यूएम अवनिश गुप्ता, वीपी एचआरएम अत्रई सान्याल, जेनरल मैनेजर टीजीएस शरद कुमार शर्मा, चीफ एचआरबीपी राजेश चिंतक, चीफ ग्रुप एचआर जुबिन पालिया, चीफ आईआर राहुल दूबे, चीफ एचआरबीपी विनीता प्रकाश, चीफ एचआरबीपी झारखंड शिवांगी सिन्हा, चीफ एचआर एंड रिवार्ड्स उत्कर्ष भारद्वाज और सीनियर मैनेजर सुजीत कुमार मिश्रा और यूनियन की ओर से टिस्को मजदूर यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, वाइस प्रेसीडेन्ट दिनेश उपाध्याय, जेनरल सेक्रेटरी शिव लखन सिंह, ज्वाइंट सेक्रेटरी नवीन कुमार और कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार महतो ने हस्ताक्षर किया. टाटा स्टील मैनेजमेंट और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच हुए समझौता को ही टिस्को ग्रोथ शॉप में लागू किया जाता है. इसके तहत अलग से समझौता भी होता है. इसी कड़ी में गुरुवार को इस समझौता पर हस्ताक्षर किया गया. यह समझौता एक अप्रैल 2022 से प्रभावी माना जाएगा. कंपनी के पीजी और एन सीरिज के कर्मचारियों को साइकिल एलाउंस प्रतिदिन 28 रूपए से बढ़ोकर 36 रूपए कर दिया गया है, जबकि मासिक भत्ता अब 540 रूपए मिलेगा, जो फिलहाल 420 रूपए है. इस तरह साइकिल भत्ता में 120 रूपए की मासिक बढ़ोतरी की गई है. टू व्हीलर वाले कर्मचारियों के ट्रांसपोर्ट एलाउंस में 425 रूपए और कार एलाउंस में हरेक माह 500 रूपए की बढ़ोतरी की गई है. टू व्हीलर वाले कर्मचारियों को ट्रांसपोर्ट एलाउंस अब 1925 रूपए और कार वाले कर्मचारियों को 2550 रूपए परिवहन भत्ता मिलेगा. इस समझौते के तहत पीजी और ए सीरिज ग्रेड के कर्मचारियों के साथ ही नए वेज स्ट्रक्चर जीएस के कर्मचारियों के कन्वेंस में बढ़ोतरी की गई है. नये जीएस ग्रेड के कर्मचारियों में भी पुराने ग्रेड के कर्मचारियों की तर्ज पर ही परिवहन भत्ता मिलेगा. साइकिल वाले कर्मचारियों के एलाउंस में प्रति माह 120 रूपए की बढ़ोतरी की गई है. टू व्हीलर वाले कर्मचारयों के परिवहन भत्ते में 475 रूपए और कार वाले कर्मचारियों के भत्ते में 550 रूपए की बढ़ोतरी की गई है, जो पुराने ग्रेड से ज्यादा है. नये ग्रेड के कर्मचारियों को टू व्हीलर एलाउंस 1925 और कार एलाउंस 2550 रूपए प्रति माह मिलेगा. फिलहाल टू व्हीलर एलाउंस 1450 रूपए और कार व्हीलर एलाउंस 2000 रूपए मिलता है.






