जमशेदपुर : राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा की अध्यक्षता में जमशेदपुर स्थित यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसिल) की समीक्षा बैठक संपन्न हुई. बैठक में यूसिल के सीएमडी डॉ. के आनंद राव, निदेशक बीके दास सहित वरिष्ठ अधिकारी तथा राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक के दौरान जनजातीय समाज से जुड़े विभिन्न विषयों, यूसिल में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों की समस्याओं, कल्याणकारी योजनाओं तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई. इससे पूर्व आयोग के आठ सदस्यीय दल ने डॉ आशा लकड़ा के नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर) के यूरेनियम प्रभावित जादूगोड़ा क्षेत्र के ग्राम मेचुआ, इचरा सहित आसपास के क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया. आयोग के दल ने स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं मांगों की जानकारी प्राप्त की. स्थानीय ग्रामीणों ने प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल की सुविधा, विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता, विस्थापित परिवारों को रोजगार एवं उचित मुआवजा तथा स्वास्थ्य सुविधाओं सहित विभिन्न समस्याओं को आयोग के समक्ष रखा. आयोग ने इन विषयों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

समीक्षा बैठक में यूसिल में कार्यरत जनजातीय कर्मचारियों से संबंधित रोस्टर के अनुसार पदोन्नति, आवास तथा अन्य सेवा संबंधी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई. सदस्य डॉ. आशा लकड़ा ने जनजातीय कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों का नियमानुसार उचित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. डॉ. आशा लकड़ा ने यूसिल के सीएमडी एवं वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनजातीय समुदाय एवं कर्मचारियों से संबंधित सभी लंबित विषयों पर आवश्यक सुधारात्मक एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा आयोग के निर्देशों का गंभीरतापूर्वक अनुपालन सुनिश्चित किया जाए. बैठक में लिए गए निर्णयों एवं आयोग के निर्देशों के अनुपालन से संबंधित कार्यवाही रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग को प्रस्तुत करने के निर्देश भी यूसिल के अधिकारियों को दिए गए. बैठक में आयोग की ओर से उप सचिव मनोहर एन सुकोले, सहायक निदेशक पीके दास, निजी सचिव कुशेश्वर साहू, विधिक सलाहकार राहुल यादव, अन्वेषक राहुल बागड़ी, वरिष्ठ अन्वेषक सोनल राज, अन्वेषक रिया राजपूत तथा निजी सहायक विवेक कुमार उपस्थित रहे.




