जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट की ठेका कंपनी वामन इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया. इन लोगों ने कंपनी के साकची एल टाउन गेट के पास स्थित वेंडर्स गेट पर आकर प्रदर्शन किया और हड़ताल पर चले गये. इन लोगों ने आरोप लगाया कि उनके साथ अत्याचार किया जा रहा है. उनको छुट्टी का पैसा नहीं दिया जा रहा है. उनको पूरा पैसा तक नहीं दिया जा रहा है. हाल में ही वामन इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के एचआर विभाग की ओर से एक आदेश जारी किया गया है, जिसमें यह कहाग या है कि 1 जनवरी 2025 से इन और आउट पंच करना अनिवार्य है. (नीचे भी पढ़ें)
पंच के आधार पर ही सभी कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जायेगी. किसी आपात स्थिति में यदि कोई कर्मचारी अपने इंचार्ज या उच्च अधिकारी से मंजूरी लेकर प्लांट परिसर से बाहर जाता है तो उन्हें भी आउट पंच करके जाना है और वापस आते समय इन पंच करना अनिवार्य है. यह भी कहा गया है कि छुट्टी लेने के लिए फार्म भरकर कार्यालय में जमा करना अनिवार्य है. (नीचे भी पढ़ें)

नियमानुसार सीएल, एफएल और पीएल व इएल का उपयोग करना अनिवार्य किया गया है. छुट्टी की राशि का भुगतान के समय केवल पीएल व इएल का ही भुगतान किया जायेगा. यह तय किया गया है कि सीएल 7 दिन, एफएल 4 दिन और पीएल या इएल 15 दिन का होगा. कर्मचारियों ने हंगामा किया और कहा कि उनको छुट्टी का पैसा पिछले साल का ही नहीं दिया गया है. इसको लेकर अब नया कानून बताया जा रहा है, जिसका वे लोग हर स्तर पर विरोध करेंगे. इन लोगों ने गेट पर जमकर बवाल काटा.














