
जमशेदपुर : देश की बड़ी इस्पात कंपनी टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन के सौ साल पूरे होने पर कर्मचारियों के बीच चांदी सिक्का का वितरण का फैसला लिया गया था. अब इसका वितरण शुरू होने जा रहा है. कर्मचारियों के बीच बंटने वाला यह चांदी का सिक्का जमशेदपुर पहुंच चुका है. उसकी पहली खेप जमशेदपुर पहुंच चुकी है, जिसका वितरण अगले सप्ताह से शुरू होने की उम्मीद है. गुरुवार को टाटा स्टील मैनेजमेंट के अधिकारियों और टाटा वर्कर्स यूनियन के अधिकारियों के बीच कई राउंड की वार्ता हुई. इस वार्ता के दौरान तय किया गया कि चूंकि अभी कोरोना काल में कई कर्मचारी क्वारंटीन में है और कई कर्मचारी कोरोना पोजिटिव भी है, इस कारण अभी एक-एक कर सबके बीच बांटा जायेगा. अगले सप्ताह से सबको एक-एक कर सिक्का कंपनी के विभागों के स्तर पर दे दिया जायेगा. इसके वितरण का पूरा रोड मैप तैयार कर लिया गया है. टाटा वर्कर्स यूनियन का सौ साल मार्च 2019 में पूरा हुआ था, जिसमें यह घोषणा की गयी थी कि सभी कर्मचारियों के बीच यूनियन की ओर से सिक्का का वितरण किया जायेगा. इसके तहत 1 मार्च 2019 से लेकर मार्च 2020 तक काम करने वाले टाटा स्टील के कर्मचारियों के बीच 50 ग्राम का सिक्का दिया जायेगा, जिसकी कीमत करीब 4 हजार रुपये एक सिक्का का है. 1 मार्च 2019 से लेकर 31 मार्च 2020 तक में 12450 कर्मचारियों के बीच यह सिक्का वितरित किया जायेगा. इसमें पहले चरण में सारे 214 कमेटी मेंबर और पदाधिकारियों के बीच सिक्का का वितरण किया जायेगा जबकि उसके बाद वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों को अपने अपने विभागों में बांट दिया जायेगा जबकि 1 मार्च 2019 से लेकर 31 मार्च 2020 के बीच रिटायर हो चुके कर्मचारियों के बीच भी सिक्कों का वितरण किया जायेगा. ग्वालियर की एक कंपनी ने इस सिक्का को तैयार किया है. इस सिक्के का इंतजार कर्मचारियों को काफी दिनों से है, जिसमें सौ साल पूरे होने और टाटा वर्कर्स यूनियन की पहचान का लोगो भी लगाया गया है. 50 ग्राम के चांदी का सिक्का मिलना कर्मचारियों के लिए गौरवपूर्ण और उत्साहवर्धक साबित होगा.

टाटा वर्कर्स यूनियन में भूतपूर्व महामंत्री को दी गयी श्रद्धांजलि
टाटा वर्कर्स यूनियन के भूतपूर्व महामंत्री यूएन प्रसाद को गुरुवार को यूनियन परिसर में श्रद्धांजलि दी गयी. 31 अगस्त तक के लिए यूनियन कार्यालय बंद है, लेकिन अपनी परिपाटी को बरकरार रखते हुए यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय और उपाध्यक्ष हरिशंकर सिंह ने संयुक्त रुप से उनको श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर यूनियन के कर्मचारी भी उपस्थित थे. सोशल डिस्टेंसिंग और कोरोना के गाइडलाइन का पालन करते हुए यह श्रद्धांजलि दी गयी.




